बिहार में कानून-व्यवस्था पर गरमाई सियासत: चिराग पासवान बोले- जंगलराज लाने वाले किस मुंह से सवाल उठा रहे?
बिहार में कानून-व्यवस्था पर चिराग पासवान का बड़ा बयान: 1998 की हत्या का जिक्र कर नीतीश सरकार को दी सलाह। ADG के बयान पर भी जताई नाराजगी।
बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए बड़ा बयान दिया और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने सीधे सवाल उठाते हुए कहा, जंगलराज जिनके नेतृत्व में था, वही लोग आज हमसे सवाल कर रहे हैं। 1998 में पीएमसीएच में जिस तरह मंत्री की गोली मारकर हत्या हुई थी, तब किसकी सरकार थी? ना तब की घटना जायज थी, ना आज की।
एक भी घटना के लिए जिम्मेदार है प्रशासन: चिराग
चिराग पासवान ने साफ कहा कि अगर प्रदेश में एक भी आपराधिक घटना होती है, तो प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। बिहार के ADG द्वारा हाल में दिए गए बयान पर उन्होंने नाराजगी जताई।
ADG ने कहा था कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस पर चिराग बोले, आप अन्नदाता पर ऐसे आरोप कैसे लगा सकते हैं? ये लीपापोती है, अपनी जिम्मेदारी से भागना है। प्रशासन इस तरह जनता का भरोसा नहीं जीत सकता।
'जनता में सुरक्षा का भाव लाना सरकार की जिम्मेदारी'
उन्होंने नीतीश सरकार को सलाह दी कि जनता के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। हाल ही में पटना के पारस अस्पताल में हुई हत्या की घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चिराग ने कहा, ऐसी-ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनके बारे में किसी ने कल्पना तक नहीं की थी।
PM मोदी की सभा पर विपक्ष के सवालों का जवाब
इधर, कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार में हंगामा है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जुलाई को मोतिहारी में एक बड़ी सभा की। इस पर विपक्ष ने सवाल उठाए कि जब राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं तो पीएम सभा कर रहे हैं।
इस पर चिराग ने कहा, प्रधानमंत्री जब बिहार के लिए सौगात लेकर आते हैं, तो उनकी प्राथमिकता विकास होती है। बिहार को विकसित बनाने की सोच के साथ वो काम कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है, और यह कहना गलत है कि प्रधानमंत्री को इसकी चिंता नहीं।


आँखें न्यूज़ 24 




