सीतामढ़ी में चमकेगी सीता जन्मभूमि की भव्यता: अमित शाह ने रखा पुनौरा धाम विकास योजना का शिलान्यास; अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मभूमि पुनौरा धाम मंदिर के 882 करोड़ की लागत से समग्र विकास योजना का शिलान्यास किया। 2028 तक मंदिर का भव्य रूपांतरण होगा और श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत की गई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना का शिलान्यास किया। यह स्थान मां सीता की जन्मस्थली के रूप में पूरी दुनिया में जाना जाता है। दोपहर एक बजे भूमि पूजन के पवित्र कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
2028 तक होगा मंदिर का भव्य रूपांतरण
परियोजना के तहत पुनौरा धाम मंदिर परिसर को श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। पूरी योजना 2028 तक पूरी होगी, जिसमें मंदिर के आस-पास के 50 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
882 करोड़ की महत्वाकांक्षी योजना
882.87 करोड़ रुपये की इस योजना को बिहार सरकार ने मंजूरी दी है। परियोजना का क्रियान्वयन पर्यटन विभाग करेगा, जिसमें भूमि अधिग्रहण, मंदिर का सौंदर्यीकरण, सीताकुण्ड का विकास, और श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण शामिल है।
श्रद्धालुओं के लिए बढ़ेगी कनेक्टिविटी
अमित शाह ने इस अवसर पर दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ट्रेन को मंजूरी दी थी, ताकि देशभर से श्रद्धालु सीता जन्मभूमि तक आसानी से पहुंच सकें।
न्यास समिति का गठन
मंदिर के सुचारू संचालन और प्रबंधन के लिए बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक न्यास समिति बनाई गई है, जो मंदिर परिसर और अधिगृहित भूमि के विकास कार्यों की निगरानी करेगी।
अमित शाह का बयान
गृह मंत्री ने एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा था— कल का दिन मिथिलांचल और पूरे देश के लिए सौभाग्य का होगा, जब माता सीता की जन्मभूमि पर पुनौरा धाम मंदिर विकास योजना का शिलान्यास होगा। साथ ही दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत से श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




