PM Modi in Bihar: पंजे और लालटेन का दौर बिहार की बदहाली का गवाह, पीएम मोदी का राजद पर तीखा हमला

पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीवान में 5736 करोड़ रुपये की 22 विकास योजनाओं की सौगात दी। जानिए उनके दौरे की प्रमुख बातें, आगामी कार्यक्रम और तेजस्वी यादव का हमला।

PM Modi in Bihar: पंजे और लालटेन का दौर बिहार की बदहाली का गवाह, पीएम मोदी का राजद पर तीखा हमला
PM Narendra Modi in siwan

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीवान जिले में एक भव्य जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सीवान को "संविधान और स्वतंत्रता संग्राम की धरती" बताते हुए बिहार की तेजी से हो रही प्रगति की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा, पूरी दुनिया भारत को विश्व की तीसरी बड़ी महाशक्ति बनते देख रही है, और इसमें बिहार की बड़ी भूमिका है।

तेज विकास के लिए 5736 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाएं शुरू
पीएम मोदी ने बिहार को 5736 करोड़ रुपये की 22 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 53,666 लाभार्थियों को 536 करोड़ रुपये की पहली किस्त और 6684 शहरी गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा, “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत 11 परियोजनाओं और “नमामि गंगे मिशन” की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं पर कुल 2997 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

महत्वपूर्ण घोषणाएं
- प्रधानमंत्री आवास योजना: 53,666 लाभार्थियों को पहली किस्त
- अमृत भारत स्टेशन योजना: 11 परियोजनाओं का शिलान्यास
- नमामि गंगे मिशन: 4 परियोजनाओं का शुभारंभ
- पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन: हरी झंडी दिखाकर रवाना
- वैशाली-देवरिया रेल लाइन: नए कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट की शुरुआत

पीएम मोदी की नसीहत: 'जंगलराज के साए से बचें'
पीएम मोदी ने 'पंजे और लालटेन' का जिक्र करते हुए बिहार में "जंगलराज" की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, "जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया, उसे लालटेन और पंजे के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था।" उन्होंने बिहारवासियों से सतर्क रहने और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही निर्णय लेने की अपील की।

बिहार में पीएम मोदी की बढ़ती सक्रियता
प्रधानमंत्री मोदी पिछले 6 महीनों में चौथी बार बिहार आए हैं। बीते 20 दिनों में यह उनका दूसरा बिहार दौरा है। इस बार उनके दौरे में 10,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की सौगात और चुनावी रणनीति का संकेत स्पष्ट दिखता है।

आगामी कार्यक्रम: ओडिशा और आंध्रप्रदेश
बिहार दौरे के बाद पीएम मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगे, जहां मोहन मांझी सरकार के एक साल पूरे होने के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां वे 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम पहुंचेंगे, जहां योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।