बिहार से भाजपा का चुनावी शंखनाद: नितिन नबीन की हुंकार, राहुल गांधी पर सीधा हमला
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे नितिन नबीन ने पटना में हुंकार भरते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने बिहार के विकास, रोजगार और 2025-30 के विजन पर बड़ा बयान दिया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे नितिन नबीन ने पटना की धरती से सियासी हुंकार भर दी। राजधानी में आयोजित अभिनंदन समारोह में उन्होंने न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर भी तीखे शब्दों में हमला बोला। नितिन नबीन ने स्पष्ट कहा कि आने वाले समय में केरल से लेकर पश्चिम बंगाल तक भगवा परचम लहराएगा।
अपने भाषण के दौरान नितिन नबीन ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता उन्हें उनके कर्मों की सजा देगी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी को इस कदर नकारा कि उन्हें जर्मनी जाना पड़ा। नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पार्ट टाइम राजनीति करते हैं और विदेश जाकर भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।
‘चुनाव हारते हैं तो विदेश चले जाते हैं’
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे नेताओं को अब करारा जवाब देने का समय आ गया है, जो चुनाव हारने के बाद विदेश भ्रमण पर निकल जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को टाइम पास की राजनीति नहीं करनी, बल्कि बंगाल और केरल जैसे राज्यों में भी जीत दर्ज करानी है। उनका यह बयान साफ तौर पर 2025 और उसके बाद के चुनावी रोडमैप की ओर इशारा करता है।
2025-30 का बिहार, विकास और रोजगार का नया अध्याय
अभिनंदन समारोह में नितिन नबीन ने बिहार के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2025 से 2030 के बीच बिहार विकास के नए मायने गढ़ेगा। इस दौरान युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए संगठित होकर मेहनत करनी होगी।
पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का लक्ष्य
नितिन नबीन ने साफ कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक परचम लहराना है। इसके लिए पंचायत चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित बिहार के संकल्प के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
मिलर स्कूल ग्राउंड में शक्ति प्रदर्शन
पटना के ऐतिहासिक मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में भाजपा की ताकत साफ नजर आई। मंच पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे के सभी मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
भव्य रोड शो और ‘जय श्री राम’ के नारे
इससे पहले नितिन नबीन का एयरपोर्ट से मिलर स्कूल ग्राउंड तक करीब छह किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो निकाला गया। उनके स्वागत में हाथी, घोड़े और ऊंट तक शामिल किए गए। जगह-जगह समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी भी बड़ी संख्या में देखने को मिली। जैसे ही नितिन नबीन कार्यक्रम स्थल पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। उल्लेखनीय है कि बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन को हाल ही में भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।


आँखें न्यूज़ 24 




