जन सुराज की सरकार बनने पर हर बुजुर्ग को ₹2000 पेंशन; प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान

प्रशांत किशोर ने बिहार में हर बुजुर्ग के लिए ₹2000 पेंशन, प्राइवेट स्कूल की मुफ्त शिक्षा, और स्थानीय रोजगार के वादों के साथ 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।

जन सुराज की सरकार बनने पर हर बुजुर्ग को ₹2000 पेंशन; प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान
प्रशांत किशोर

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में एक नई राजनीतिक लहर चलाने का संकेत देते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि राज्य में हमारी सरकार बनने पर 2025 के दिसंबर से 60 वर्ष से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी। 

प्रशांत किशोर ने कहा,  महंगाई के इस दौर में नीतीश कुमार ₹400 की पेंशन दे रहे हैं। आज एक भिखारी को भी इससे अधिक मिलता होगा। इसलिए हमारी सरकार इस पेंशन को ₹2000 तक बढ़ाएगी।

शिक्षा और रोजगार पर जोर
प्रशांत किशोर ने रोजगार और शिक्षा की खस्ताहाल स्थिति पर भी तीखा प्रहार किया। 

प्राइवेट स्कूल की शिक्षा मुफ्त: गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
स्थानीय रोजगार: इस बार छठ पर लौटने वाले बिहारी प्रवासी वादा करेंगे कि 10-12 हजार रुपए की नौकरी के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

243 सीटों पर चुनाव का ऐलान
प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी जन सुराज के लिए सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा, जनता ने NDA और UPA दोनों का शासन देख लिया है। अब वक्त है कि जनता की सरकार बनाई जाए।

दूसरी पार्टियों पर निशाना
चिराग पासवान और अन्य नेताओं पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने पूछा कि वे जनता के लिए शिक्षा, पलायन और भ्रष्टाचार पर क्या योजना लाए हैं। उन्होंने कहा, बिहार की जनता सिर्फ वादे नहीं, समाधान चाहती है।