बिहार में पीले राज की दस्तक? प्रशांत किशोर का भगवा पर वार, तेज प्रताप-नीतीश और NDA सब निशाने पर
औरंगाबाद में जनसभा के दौरान प्रशांत किशोर ने पीले रंग को लेकर तेज प्रताप, नीतीश और एनडीए पर तंज कसा। जानिए PK ने क्या कहा?
जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) इन दिनों 'बिहार बदलाव सभा' के तहत राज्य के जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वे औरंगाबाद जिले के नबीनगर पहुँचे, जहां उन्होंने जनता को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने पीले रंग को लेकर तेज प्रताप यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए (NDA) पर जमकर चुटकी ली।
'अब भगवा नहीं, सब पीले के पीछे भाग रहे हैं'
पत्रकारों द्वारा जब यह सवाल पूछा गया कि तेज प्रताप यादव अब पीली टोपी पहन रहे हैं, तो प्रशांत किशोर ने कहा, क्या आपको पूरा बिहार पीली टोपी में नहीं दिख रहा है? जिस बस में नीतीश कुमार प्रचार करने वाले हैं वो भी पीली है। दीवारों पर जो पोस्टर लगे हैं, वे भी पीले हैं। पीला विष्णु का रंग है, पीतांबर का रंग है। अब भगवा लेकर चलने वाले भी पीला लेकर चल रहे हैं, क्योंकि उन्हें समझ आ गया है कि बिहार की जनता अब पीले के साथ है।
PK ने इशारों में अपनी पार्टी के प्रतीकों की ओर ध्यान दिलाया। जन सुराज का लोगो, गमछा और प्रचार वाहन — सभी पीले रंग में हैं। यही कारण है कि जब अन्य नेता इस रंग का इस्तेमाल करने लगे हैं, तो PK ने इसका राजनीतिक अर्थ निकालते हुए व्यंग्य किया।
दिलीप जायसवाल और साइबर शिकायत पर चुटकी: 'पुलिस आज तक मेरे पास नहीं आई'
प्रशांत किशोर ने एक अन्य मुद्दे पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, जायसवाल ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी थी। इतने दिनों बाद भी पुलिस मेरे पास नहीं आई। अगर एफआईआर हुई है तो पुलिस की हिम्मत क्यों नहीं हो रही है कि वो पूछताछ करे?
सम्राट चौधरी और मंगल पांडेय पर भी बरसे PK
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय (Mangal Pandey) भी PK के निशाने पर रहे। उन्होंने कहा, इन दोनों नेताओं का पर्दाफाश हम किस्तों में करेंगे, तथ्यों के साथ। सम्राट चौधरी ने मुझे इंटरव्यू में भाई कहा है, लेकिन मैं भाई-भतीजावाद में विश्वास नहीं करता। आपने जो गलतियां की हैं वो अब छुपने वाली नहीं हैं। प्रेस के सामने रखी जाएंगी।


आँखें न्यूज़ 24 




