डिंपल यादव के अपमान पर सपा का फूटा गुस्सा! मौलाना साजिद रशीदी को थप्पड़, BJP ने अखिलेश यादव को घेरा
नोएडा में एक टीवी कार्यक्रम के दौरान मौलाना साजिद रशीदी पर डिंपल यादव को लेकर टिप्पणी करने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। अखिलेश यादव ने हिंसा का समर्थन न करने की बात कही, जबकि BJP ने पोस्टर लगाकर सवाल उठाए।
उत्तर प्रदेश की राजनीति उस वक्त गरमा गई जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक टीवी कार्यक्रम के दौरान मौलाना साजिद रशीदी से मारपीट कर दी। घटना मंगलवार को नोएडा में हुई जब एक निजी टीवी चैनल के डिबेट शो में शामिल होने के लिए सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर और उनके साथी पहुंचे थे।
कार्यक्रम में मौलाना साजिद रशीदी ने सपा सांसद डिंपल यादव पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की, जिससे सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बहस के दौरान ही मौलाना के साथ हाथापाई शुरू हो गई। इस घटना का वीडियो स्वयं सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल किया।
अखिलेश यादव का बयान: 'हिंसा का साथ नहीं'
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, मैं चाहता हूं कि कोई भी हिंसा का साथ न दे। राजनीति में संवाद जरूरी है, न कि हिंसा।
FIR और जांच:
घटना के बाद मौलाना साजिद रशीदी थाना सेक्टर-126 पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। थाने के प्रभारी भूपेंद्र बालियान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सपा नेताओं का आरोप है कि मौलाना एक खास पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
BJP का हमला: अखिलेश चुप क्यों?
इस घटना के बाद भाजपा ने अखिलेश यादव पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। लखनऊ में भाजपा नेता एमएलसी सुभाष यदुवंश की ओर से पोस्टर लगाए गए जिनमें लिखा है, पत्नी के अपमान पर चुप रहने वाला प्रदेश की बहन-बेटियों की सुरक्षा क्या करेगा? पोस्टर में एक तरफ अखिलेश यादव, और दूसरी ओर मौलाना साजिद रशीदी की तस्वीर लगी है।


आँखें न्यूज़ 24 




