मुंबई बीएमसी चुनाव 2026: किसके हाथ लगेगी देश की सबसे अमीर नगर निगम? आज हो जाएगा फैसला
मुंबई बीएमसी चुनाव 2026 की वोट गिनती 16 जनवरी को शुरू होगी। 227 वार्डों के नतीजे तय करेंगे देश की सबसे अमीर नगर निगम की सत्ता और महाराष्ट्र की सियासत की दिशा।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम यानी बीएमसी चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। 15 जनवरी को शहर के सभी 227 वार्डों में मतदान संपन्न होने के बाद अब 16 जनवरी 2026 की सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। बीएमसी में स्पष्ट बहुमत के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 114 सीटें हासिल करनी होंगी।
करीब नौ साल बाद हुए इस चुनाव को कई मायनों में खास माना जा रहा है। 2017 के बाद पहली बार बीएमसी चुनाव नए परिसीमन और आरक्षण व्यवस्था के तहत कराए गए हैं। अब नगर निगम में कुल 236 कॉर्पोरेटर होंगे, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं के लिए आरक्षित है। बदली हुई जनसंख्या और शहरी पुनर्विकास को ध्यान में रखते हुए लगभग एक चौथाई वार्डों की सीमाएं नए सिरे से तय की गईं, जिससे करीब 60 वार्ड सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।
महिलाओं और आरक्षित वर्गों की बढ़ी भागीदारी
आरक्षण की नई व्यवस्था के तहत बीएमसी में 127 सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति की 8 और अनुसूचित जनजाति की 1 महिला सीट भी शामिल है। इसके अलावा 15 सीटें अनुसूचित जातियों और 2 सीटें अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं। इस बदलाव ने कई पुराने सियासी समीकरणों को भी चुनौती दी है।
गठबंधन बनाम अलग मोर्चे की जंग
चुनावी मुकाबले में इस बार गठबंधन और टूटे मोर्चे सबसे बड़ा फैक्टर बनकर उभरे हैं। एक तरफ देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार) मैदान में हैं। दूसरी ओर शरद पवार गुट की एनसीपी और हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व वाली कांग्रेस महा विकास अघाड़ी के तहत चुनाव लड़ रही है। वहीं ठाकरे बंधुओं की शिवसेना और मनसे ने अलग मोर्चा बनाकर मुकाबला और दिलचस्प कर दिया है।
चरणबद्ध प्रक्रिया के बाद मतदान तक का सफर
राज्य चुनाव आयोग द्वारा तय की गई नई व्यवस्था के अनुसार बीएमसी के 24 प्रशासनिक वार्ड और 227 चुनावी वार्ड इस तरह बनाए गए हैं कि हर वार्ड में औसतन करीब 54 हजार की आबादी हो। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 15 दिसंबर 2025 को अधिसूचना जारी होने के साथ हुई थी। नामांकन 30 दिसंबर तक चले, 31 दिसंबर को जांच हुई और 2 जनवरी 2026 तक नाम वापसी पूरी हुई।
बीएमसी नतीजे देंगे महाराष्ट्र की राजनीति का संकेत
अब सबकी निगाहें 16 जनवरी की गिनती पर टिकी हैं। नतीजे आने के बाद नए चुने गए कॉर्पोरेटर मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव करेंगे। ऐसे में यह चुनाव सिर्फ नगर निगम तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले एक बड़े सियासी संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




