BSNL ने लॉन्च की eSIM सर्विस: अब बिना फिजिकल सिम मिलेगा हाईटेक नेटवर्क एक्सपीरियंस

BSNL ने अब पूरे भारत में eSIM सर्विस शुरू कर दी है। अब बिना फिजिकल सिम के BSNL यूजर्स कॉलिंग और इंटरनेट का मजा ले पाएंगे। जानिए BSNL eSIM activation, Tata Communications साझेदारी और 5G लॉन्च प्लान के बारे में विस्तार से।

BSNL ने लॉन्च की eSIM सर्विस: अब बिना फिजिकल सिम मिलेगा हाईटेक नेटवर्क एक्सपीरियंस
प्रतीकात्मक तस्वीर

अब तक eSIM सुविधा सिर्फ Reliance Jio, Airtel और Vodafone Idea (Vi) जैसी प्राइवेट कंपनियां देती थीं, लेकिन अब BSNL (भारत संचार निगम लिमिटेड) ने भी अपने ग्राहकों को eSIM सर्विस देने का बड़ा ऐलान कर दिया है। इसका मतलब है कि यूजर्स को अब मोबाइल में फिजिकल सिम कार्ड लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीधे eSIM के जरिए कॉलिंग और इंटरनेट का इस्तेमाल संभव होगा।

BSNL का मकसद: बेहतर डिजिटल एक्सपीरियंस
BSNL ने 4G नेटवर्क के विस्तार के बाद अब eSIM सुविधा शुरू कर दी है। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य ग्राहकों को आधुनिक और बेहतर कनेक्टिविटी अनुभव देना है। यह कदम साफ तौर पर दिखाता है कि सरकारी टेलीकॉम कंपनी प्राइवेट कंपनियों को कड़ी टक्कर देने के लिए तेजी से अपनी सर्विसेज अपग्रेड कर रही है।

टाटा कम्युनिकेशंस से साझेदारी
बीएसएनएल ने eSIM सर्विस के लिए Tata Communications के साथ करार किया है। कंपनी Tata Communications के MOVE प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगी, जो लाखों ग्राहकों तक eSIM को आसानी से पहुंचाने की क्षमता रखता है। इससे BSNL को बड़े पैमाने पर eSIM मैनेजमेंट और कनेक्टिविटी देने में मदद मिलेगी।

किन नेटवर्क पर चलेगी BSNL eSIM?
BSNL की नई eSIM सुविधा 2G, 3G और 4G नेटवर्क पर काम करेगी। जिन लोगों के पास eSIM सपोर्ट करने वाला स्मार्टफोन है, वे इस नई सर्विस का लाभ उठा सकेंगे।

BSNL चेयरमैन और MD ए. रॉबर्ट रवि के अनुसार, "पैन-इंडिया लेवल पर eSIM सर्विस लॉन्च करने से भारतीय टेलीकॉम इंडस्ट्री में डिजिटल क्षमता का एक नया अध्याय शुरू होगा।"

5G को लेकर भी BSNL की तैयारी
बीएसएनएल ने हाल ही में 98,000 टावरों की मदद से अपनी 4G सर्विस लॉन्च की है। इसके बाद अब चर्चा है कि कंपनी 2025 के अंत तक 5G सर्विस भी शुरू कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में BSNL 5G की शुरुआत कर सकता है।