BSPHCL का बड़ा कदम: HTC-LTIS उपभोक्ताओं की समस्याओं पर सीधा संवाद, अधिकारियों ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश
BSPHCL ने पटना में HT/LTIS उपभोक्ताओं के लिए ओपन हाउस बैठक कर बिजली समस्याओं पर सीधा संवाद किया, CMD ने समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया।
बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड की ओर से पटना स्थित विद्युत भवन में एक महत्वपूर्ण ओपन हाउस बैठक का आयोजन किया गया, जहां हाई टेंशन और लो टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विस (HT/LTIS) उपभोक्ताओं, उद्योगपतियों और निवेशकों की बिजली से जुड़ी समस्याओं को सीधे सुना गया। यह बैठक अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई, जिसमें नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेन्द्र कुमार समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मकसद उपभोक्ताओं और कंपनी के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
शिकायतों पर तुरंत एक्शन का भरोसा
बैठक के दौरान अलग-अलग उद्योगों, व्यावसायिक संस्थानों और निवेशकों ने अपनी बिजली आपूर्ति, वोल्टेज, कनेक्शन, बिलिंग और तकनीकी दिक्कतों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों में वहीं से संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए। इस दौरान CMD, BSPHCL ने भरोसा दिलाया कि आज उठाए गए सभी मुद्दों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उद्योगों और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर गुरुवार होगा उपभोक्ता संवाद
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने BSPHCL की इस पहल की खुलकर सराहना की और कहा कि इस तरह का ओपन हाउस मॉडल निवेश और उद्योग के लिए भरोसेमंद माहौल बनाता है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ता हित और पारदर्शिता उसकी प्राथमिकता है, इसी वजह से हर गुरुवार दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक विद्युत भवन में नियमित ओपन हाउस बैठक आयोजित की जाती है। इस व्यवस्था को राज्य में उद्योग-अनुकूल और विश्वसनीय विद्युत प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




