बक्सर हत्याकांड: पप्पू यादव ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग, पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद

बिहार के बक्सर जिले के अहियापुर गांव में हुई वीभत्स घटना में तीन लोगों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल। पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और बच्चियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग की।

बक्सर हत्याकांड: पप्पू यादव ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग, पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद
पप्पू यादव पीड़ित परिवार के साथ: रोते हुए परिजनों को सांत्वना देते हुए।

बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत अहियापुर गांव में हुए वीभत्स हत्याकांड ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक घटना में पांच लोगों पर गोलियों की बौछार की गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, और एक गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि समाज को डराने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का मामला है।

पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हर मृतक के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और परिवार की बच्चियों की पढ़ाई और भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का वादा किया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही, दोषियों पर स्पीडी ट्रायल के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

पप्पू यादव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में चुप रही, तो जनता सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा, यह कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि बिहार की कानून व्यवस्था को सीधी चुनौती है। दोषियों को ऐसी सजा दी जानी चाहिए, जो पूरे समाज के लिए उदाहरण बने। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब सरकार से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।