बिहार बाढ़ राहत: नीतीश सरकार ने 6.5 लाख से ज्यादा परिवारों के खाते में भेजे ₹7000-₹7000
बिहार में बाढ़ से तबाही के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया। 6.5 लाख से ज्यादा परिवारों के बैंक खातों में ₹7000-₹7000 की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की गई। जानें किन जिलों में पहुंची राहत।
बिहार में आई भीषण बाढ़ ने बक्सर, भागलपुर, आरा, कटिहार, पटना, बेगूसराय, मुंगेर और नालंदा समेत कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। गंगा और अन्य नदियों के जलस्तर बढ़ने से 12 जिलों के 60 से ज्यादा प्रखंडों की लगभग 38 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। हजारों लोग बेघर हो गए और किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं।
6.5 लाख परिवारों को ₹7000 की राहत राशि
इसी आपदा को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राहत पैकेज का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ₹456.12 करोड़ की राशि ट्रांसफर की।
कुल 6 लाख 51 हजार 602 परिवारों को ₹7000 प्रति परिवार की दर से राशि भेजी गई। यह पैसा किसी स्कीम के तहत नहीं बल्कि आपदा राहत मुआवजा है।
पटना से सीएम ने किया ट्रांसफर, एक्स पर दी जानकारी
पटना स्थित 1, अणे मार्ग ‘संकल्प’ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस राहत राशि को ट्रांसफर किया। इसके बाद उन्होंने एक्स पर लिखा – राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। सरकार राज्यवासियों के हित में लगातार काम कर रही है। सितंबर में भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर चुके हैं नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार पहले ही हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज़ी से चलें। बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद की जाए। प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड में रहे।
फसलों और जीवन पर बाढ़ का असर
बाढ़ की वजह से किसानों की धान, मक्का और सब्जी की फसलें बर्बाद हो गईं। कई गांवों में कटाव से घर जमींदोज़ हो गए। लोग अस्थायी शिविरों में रहने को मजबूर हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




