दंगाइयों पर होगी कार्रवाई, संपत्ति नष्ट करने वालों से होगी वसूली; सीएम योगी का सख्त संदेश
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दंगाइयों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। संपत्ति नष्ट करने वालों के पोस्टर लगाए जाएंगे और उनसे वसूली की जाएगी। जानें, सीएम योगी का क्या है सख्त संदेश।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दंगाइयों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, राष्ट्र के प्रति हमारी जवाबदेही होनी चाहिए। कोई भी संपत्ति राज्य की नहीं, बल्कि समाज की होती है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करना कानून का उल्लंघन है और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो उसे रोकने की कोशिश करें। यदि आवश्यकता हो, तो उसकी हरकतों को मोबाइल से रिकॉर्ड कर वायरल करें। बाकी, सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उससे वसूली सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, सार्वजनिक संपत्ति राष्ट्र की है और इसे नष्ट करने वालों को कानून का उल्लंघन करने से पहले सौ बार सोचना होगा। उन्हें ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि भविष्य में वे ऐसी हरकत करने की हिम्मत नहीं करेंगे।
संभल हिंसा का ताजा उदाहरण
योगी सरकार की सख्त नीति का उदाहरण हाल ही में संभल में हुए दंगों में देखने को मिला, जहां प्रशासन ने दंगाइयों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए और वसूली की प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही कई जगहों पर अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों और गैरकानूनी निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।


आँखें न्यूज़ 24 




