मुस्कान रस्तोगी केस: पति की हत्या, प्रेमी से शादी और अब जेल में बेटी को जन्म , एक ही दिन पति का बर्थडे और पत्नी की डिलिवरी
मेरठ की मुस्कान रस्तोगी, जिसने प्रेमी संग मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या की थी, ने जेल सुरक्षा में बेटी को जन्म दिया। हत्या, हनीमून, प्रेमी से शादी और उसी दिन पति का जन्मदिन — पूरी कहानी विस्तार में।
मेरठ के बहुचर्चित मर्डर केस की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने सोमवार शाम करीब सात बजे मेडिकल कॉलेज में नॉर्मल डिलीवरी के जरिए बेटी को जन्म दिया। डिलिवरी के दौरान उसके आसपास 8 सदस्यीय पुलिस टीम तैनात रही, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो सके।
हत्या से पहले ही थी प्रेग्नेंट
जानकारी के अनुसार मुस्कान पहले से ही गर्भवती थी, जिसका अल्ट्रासाउंड इसी साल अप्रैल में कराया गया था। यानी जिस वक्त उसने पति सौरभ राजपूत की हत्या की, वह उसी समय गर्भधारण कर चुकी थी।
पति की हत्या करके प्रेमी के संग मनाली
3 मार्च 2025 को मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ का कत्ल किया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सौरभ के शव के टुकड़े किए और उन्हें एक बड़े नीले प्लास्टिक ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट भर दिया। हत्या के बाद दोनों मनाली गए और वहीं शादी भी कर ली। मनाली में 11 दिन का हनीमून मनाने के बाद जैसे ही मेरठ लौटे, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या से पहले बेटी को मायके छोड़कर गई थी मुस्कान
5–6 साल की बेटी को मुस्कान ने हत्या से कुछ दिन पहले ही अपने मायके भेज दिया था। यह कदम हत्या की योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
संयोग ने घटना को और दिल दहला देने वाला बनाया
जिस दिन मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया, उसी दिन उसके पति सौरभ राजपूत का जन्मदिन भी था। अपराध, जांच और मातृत्व — तीनों घटनाएँ एक ही दिन में होने से केस और भी चर्चा में आ गया।
लंदन से पत्नी का जन्मदिन मनाने आया था सौरभ
सौरभ लंदन में नौकरी करता था और पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए मेरठ आया था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी एक बेटी भी है। सौरभ को अंदाज़ा भी नहीं था कि उसके आने के कुछ दिनों बाद ही उसकी पत्नी और उसका प्रेमी उसकी जान ले लेंगे।
इंद्रानगर में हुआ था दिल दहला देने वाला मर्डर
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में हुई यह हत्या पूरे शहर के लिए सदमे की वजह बनी। जिस तरीके से शव को ड्रम में डालकर सीमेंट से भरा गया, उसने लोगों को निर्भया केस जैसी क्रूरता की याद दिला दी।


आँखें न्यूज़ 24 




