निक्की हत्याकांड: पति के एनकाउंटर के बाद सास दयावती गिरफ्तार, दहेज के लिए पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप
ग्रेटर नोएडा के कासना में निक्की हत्याकांड ने सबको झकझोर दिया। पति विपिन भाटी ने पहले पत्नी को बेरहमी से पीटा और फिर जिंदा जला दिया। एनकाउंटर में घायल पति के बाद अब सास दयावती गिरफ्तार। जानिए पूरा मामला।
ग्रेटर नोएडा के कासना इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादीशुदा महिला निक्की को पहले बेरहमी से पीट-पीट कर बेहोश किया गया और फिर जिंदा जला दिया गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल उसकी सास दयावती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्रूरता की हद पार – पहले पिटाई, फिर जिंदा जलाया गया
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। वीडियो में निक्की का पति विपिन भाटी उसे बेरहमी से पीटते दिखा, वहीं सास दयावती भी मारपीट में शामिल थी। इतना ही नहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार यातना दे रहे थे। घटना के बाद निक्की बुरी तरह झुलस गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वीडियो ने खोला ससुरालवालों का काला चेहरा
एक वायरल क्लिप में साफ देखा गया कि निक्की के बाल पकड़कर उसे घसीटा जा रहा है। दूसरी वीडियो में वो आग में झुलसने के बाद सीढ़ियों से नीचे गिरती हुई दिख रही है। इन दृश्यों ने लोगों का खून खौला दिया।
पति विपिन एनकाउंटर में घायल, सास दयावती पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने शनिवार को निक्की के पति विपिन को पकड़ा था। रविवार दोपहर जब उसे मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया जा रहा था, तो उसने फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी और वह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। इसी बीच, रविवार दोपहर उसकी मां दयावती को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह अस्पताल में बेटे से मिलने जा रही थी।
36 लाख रुपए की दहेज मांग का आरोप, बहन ने खोला राज
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी भी इसी परिवार में हुई है, ने चौंकाने वाले आरोप लगाए। उसने कहा कि ससुराल वाले लगातार दहेज में 36 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। यही वजह थी कि निक्की को प्रताड़ित किया गया और आखिरकार जिंदा जला दिया गया। कंचन ने बताया कि उसे भी कई बार पीटा गया और प्रताड़ित किया गया।
अभी भी फरार हैं परिवार के बाकी आरोपी, पुलिस की तलाश जारी
पुलिस ने इस केस में पति विपिन भाटी, देवर रोहित भाटी, सास दयावती और ससुर सतवीर के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि, अभी भी कुछ आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




