वाराणसी में चाइनीज मांझा पर पुलिस का डबल एक्शन, 55 किलो से अधिक बरामदगी; 2 गिरफ्तार

वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, रोहनिया और सारनाथ थाना क्षेत्रों से दो आरोपी गिरफ्तार, 55 किलो से अधिक मांझा बरामद।

वाराणसी में चाइनीज मांझा पर पुलिस का डबल एक्शन, 55 किलो से अधिक बरामदगी; 2 गिरफ्तार

वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट का सख्त अभियान लगातार असर दिखा रहा है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरुणा ज़ोन पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चाइनीज मांझा बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना रोहनिया पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बच्छांव बाजार के पास स्थित एक दुकान पर छापा मारा। यहां से राहुल कान्त नामक युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ। आरोपी लंबे समय से इस खतरनाक मांझे की बिक्री कर रहा था।

45 किलो से ज्यादा मांझा बरामद, पर्यावरण कानून के तहत केस दर्ज
पुलिस ने मौके से कुल 45 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया। इस मामले में थाना रोहनिया पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा न केवल आम लोगों बल्कि पक्षियों और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है, इसलिए इस पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

सारनाथ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, सिंहपुर बाजार से गिरफ्तारी
इसी क्रम में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने भी मुखबिर की सूचना पर सिंहपुर गोला बाजार स्थित एक दुकान पर कार्रवाई की। यहां से चंदन पटेल नामक युवक को गिरफ्तार किया गया, जो प्रतिबंधित चाइनीज और नायलॉन मांझा की बिक्री कर रहा था। पुलिस ने उसकी दुकान से 9.5 किलोग्राम मांझा बरामद किया।

चाइनीज मांझा पर जीरो टॉलरेंस, आगे भी चलेगा अभियान
सारनाथ थाना में दर्ज मुकदमे में भी बीएनएस और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वाराणसी में चाइनीज मांझा के खरीद, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।