इराक के अल-कुट शहर में शॉपिंग मॉल में भीषण आग, 50 लोगों की मौत, कई घायल
इराक के अल-कुट शहर में शॉपिंग मॉल में लगी भीषण आग में कम से कम 50 लोगों की मौत, दर्जनों घायल। पढ़ें हादसे की पूरी डिटेल।
इराक के पूर्वी शहर अल-कुट (Al-Kut) में गुरुवार देर शाम एक शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने इराकी न्यूज़ एजेंसी (INA) को बताया कि राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।
5 दिन पहले खुला था हाइपर मॉल, आग में तबाह
जानकारी के मुताबिक, अल-कुट शहर में करीब पांच दिन पहले ही एक भव्य हाइपर मॉल खोला गया था। गुरुवार को अचानक मॉल की पहली मंजिल पर आग लगी और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई।
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें पहुंचीं, लेकिन तब तक मॉल धधक चुका था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मॉल के ऊपरी हिस्से से उठती भयानक लपटें और घना काला धुआं साफ देखा जा सकता है।
कई शव अस्पताल पहुंचे, हालात बेहद गंभीर
घायल और मृतकों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक कई शव बुरी तरह झुलसे हुए हैं, जिनकी पहचान मुश्किल हो रही है। बड़ी संख्या में लोग अभी भी लापता हैं। मॉल और बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
इलाके को खाली कराया गया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अधिकारियों ने अल-कुट के मॉल के आसपास का इलाका एहतियातन खाली करा लिया है। राहत दल मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अल-कुट, इराक की राजधानी बगदाद से लगभग 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।


आँखें न्यूज़ 24 




