पारस अस्पताल के ICU में अपराधी की गोली मारकर हत्या, दूसरे इलाके में युवक की तेजधार हथियार से हत्या; तेजस्वी बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं

पटना के पारस अस्पताल में ICU में भर्ती अपराधी चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या। प्रतिद्वंद्वी गैंग की करतूत। पढ़िए पूरी घटना।

पारस अस्पताल के ICU में अपराधी की गोली मारकर हत्या, दूसरे इलाके में युवक की तेजधार हथियार से हत्या; तेजस्वी बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं
पारस अस्पताल

बिहार की राजधानी पटना गुरुवार को दो बड़ी सनसनीखेज वारदातों से दहल उठी। एक ओर पारस अस्पताल (Paras Hospital Patna) के ICU में भर्ती कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा को प्रतिद्वंद्वी गिरोह ने गोली मार दी, तो दूसरी ओर शहर के एक अन्य इलाके में शिवम उर्फ बंटी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों ही घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पारस अस्पताल में ICU के भीतर मारी गोली
गुरुवार दोपहर बक्सर से भागलपुर जेल शिफ्ट किया गया कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा, जो इलाज के लिए पैरोल पर था, पटना के पारस अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान उसके प्रतिद्वंद्वी गिरोह के बदमाश अस्पताल में घुसे और ICU में ही गोलियां बरसा दीं।
गंभीर रूप से घायल चंदन मिश्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कहा, चंदन मिश्रा पर हत्या समेत कई केस दर्ज हैं। हमलावरों की पहचान हो गई है और बक्सर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अस्पताल की सुरक्षा चूक की भी जांच की जाएगी।

शहर के दूसरे हिस्से में शिवम की हत्या
इसी दिन पटना के वेस्ट सिटी इलाके में एक युवक शिवम उर्फ बंटी की तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। SP भानु प्रताप सिंह ने बताया कि एफएसएल टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।

IG का बयान: पुलिस गार्डों की भूमिका भी जांच के घेरे में
पटना IG जितेंद्र राणा ने कहा — अस्पताल में भर्ती मरीज पर गोलीबारी में पुलिस गार्डों की मिलीभगत की भी जांच की जाएगी। हमलावरों की पहचान हो चुकी है। यह गिरोहों की पुरानी दुश्मनी का नतीजा लगता है।

राजनीतिक भूचाल: तेजस्वी बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं
घटना के बाद विपक्ष ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ICU में मरीज को गोली मार दी गई। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं है। 2005 से पहले भी ऐसा ही होता था। सरकार विफल है।

राजद प्रवक्ता मृत्यंजय तिवारी ने कहा, बिहार में गुंडाराज लौट आया है। अपराधी बेखौफ हैं। भाजपा सरकार जनता को सिर्फ दिखावा देती है। 

वहीं भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा, पूरी जांच होगी। अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।