वाराणसी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 950 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Varanasi News: मण्डुवाडीह पुलिस ने लहरतारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 950 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। NDPS Act के तहत केस दर्ज।

वाराणसी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 950 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Varanasi Manduadih Police arrested drug smuggler with 950 grams of illegal heroin d

पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। वरुणा ज़ोन में सक्रिय पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नाजायज़ हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के कुशल नेतृत्व में थाना मण्डुवाडीह पुलिस द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को लहरतारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान थाना मण्डुवाडीह पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर करीब 12.30 बजे उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 950 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मीशंकर उपाध्याय के रूप में हुई है, जो भदोही जनपद के सुरियाँवा थाना क्षेत्र के गणेशरायपुर गांव का निवासी बताया गया है। उम्र करीब 57 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को नशे के अवैध कारोबार से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है, जिसके आधार पर नेटवर्क की गहराई तक जांच की जाएगी।

बरामद हेरोइन के संबंध में थाना मण्डुवाडीह पर एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी इससे पहले किन-किन इलाकों में नशे की सप्लाई करता था और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए वाराणसी पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।