पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, बेटे के बाद पिता भी शिकार; पप्पू यादव का सरकार पर हमला

पटना के गांधी मैदान इलाके में जाने-माने बिजनेसमैन और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 6 साल पहले बेटे की भी हुई थी हत्या। घटना के बाद पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधा।

पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, बेटे के बाद पिता भी शिकार; पप्पू यादव का सरकार पर हमला

बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर खौफनाक वारदात का गवाह बनी। राज्य के जाने-माने बिजनेसमैन और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका (Gopal Khemka) की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राम गुलाम चौक के पास की है। शुक्रवार (4 जुलाई) रात करीब 11 बजे जब गोपाल खेमका अपनी गाड़ी से उतरकर घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही खेमका जमीन पर गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए।

6 साल पहले बेटे की भी हुई थी हत्या
इस घटना ने खेमका परिवार के पुराने जख्म भी हरे कर दिए। करीब 6 साल पहले गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब बेटे के बाद पिता की हत्या ने बिहार में कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जन अधिकार पार्टी (JAP) नेता पप्पू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और सरकार पर जमकर निशाना साधा। एक्स (Twitter) पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा:

''बिहार में महा गुNDAराज। राजधानी पटना में गांधी मैदान के पास बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका जी की हत्या। शर्म से डूब मरो सरकार। बिहार पुलिस को चुल्लू भर पानी में नाक रगड़कर आत्महत्या कर लेनी चाहिए।''

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने खेमका के छोटे बेटे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा:

''इस बच्चे को क्या दिलासा दूं? 6 साल पहले गुंजन खेमका की हत्या हुई थी, तब भी मैं न्याय का भरोसा दिलाने आया था। लेकिन सरकार ने अपराधियों का साथ दिया। अगर तब सख्ती होती, तो आज गोपाल खेमका जिंदा होते। बिहार अपराधियों का अभ्यारण्य बन चुका है।''

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांधी मैदान थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।