डे-केयर में मासूम से हैवानियत: 15 महीने की बच्ची को मेड ने थप्पड़ मारे, जमीन पर पटका और बेल्ट से पीटा
नोएडा सेक्टर-137 के एक डे-केयर में 15 महीने की बच्ची के साथ मेड ने की हैवानियत। सीसीटीवी में कैद थप्पड़, बेल्ट से पिटाई और जमीन पर पटकने की वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार, डे-केयर प्रमुख पर भी केस।
उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डे-केयर सेंटर में 15 महीने की मासूम बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। यह घटना नोएडा सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसायटी के BLIPEE डे-केयर सेंटर की है।
कैसे खुला मामला?
पीड़िता की मां ने अपनी बच्ची को रोज़ की तरह डे-केयर में छोड़ा था। शाम को जब वह उसे लेने पहुंचीं तो बच्ची लगातार रो रही थी। घर पहुंचने पर मां ने देखा कि बच्ची की जांघों पर गोलाई में चोट और काटने के निशान थे। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने पुष्टि की कि यह ‘बाइट मार्क’ यानी दांतों से काटने का निशान है।
सीसीटीवी फुटेज में हैवानियत
शक होने पर मां ने अन्य लोगों के साथ डे-केयर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की। पहले तो डे-केयर प्रमुख ने सहयोग करने से मना कर दिया, लेकिन दबाव बढ़ने पर फुटेज चेक की गई।
वीडियो में साफ दिखा कि आरोपी मेड बच्ची को गोद में उठाए हुए थी और बीच-बीच में उसे थप्पड़ मार रही थी। इतना ही नहीं, उसने बच्ची को जमीन पर पटका और प्लास्टिक की बेल्ट से पीटा।
एफआईआर और गिरफ्तारी
मां की शिकायत पर सेक्टर-142 थाना पुलिस ने आरोपी मेड के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, डे-केयर की प्रमुख चारू अरोड़ा, पत्नी ऋषि अरोड़ा, के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया। आरोप है कि शिकायत करने पर चारू ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी भी दी।
जांच और लोगों का गुस्सा
बीएसए गौतमबुद्धनगर और चाइल्ड वेलफेयर अधिकारी ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और डे-केयर सेंटर की सख्त जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




