मुरादाबाद में बुर्कानशीं महिला से छेड़छाड़ करने वाला आदिल एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, अस्पताल के बेड पर माफी मांगता दिखा

मुरादाबाद में बुर्का पहनी महिला से छेड़छाड़ करने वाले आदिल सैफी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अस्पताल में माफी मांगता दिखा।

मुरादाबाद में बुर्कानशीं महिला से छेड़छाड़ करने वाला आदिल एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, अस्पताल के बेड पर माफी मांगता दिखा
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ एक बुर्कानशीं महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी आदिल सैफी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक प्राइवेट अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत है, लेकिन उसकी हरकतों ने पूरे शहर को शर्मसार कर दिया।

आरोपी ने किया छेड़छाड़, CCTV में चेहरा कैद
मामला 3 अगस्त की रात का है। एक महिला अपने घर लौट रही थी, तभी कोठी वाली गली में पीछे से आए आदिल सैफी ने उसे दबोच लिया। महिला के शोर मचाने पर वह फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में उसका चेहरा साफ नजर आ रहा था, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने में देर नहीं लगी।

एनकाउंटर के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने जैसे ही तलाशी अभियान शुरू किया, सोमवार रात करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान आदिल बाइक से आता दिखा। रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके पैर में जा लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध हथियार और बाइक बरामद
आदिल के पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी न केवल महिला के साथ छेड़खानी कर रहा था बल्कि उसके पास अवैध हथियार भी थे, जिससे उसकी अपराधिक मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अस्पताल से वायरल हुआ वीडियो
गिरफ्तारी के बाद आदिल का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ है और कान पकड़कर माफी मांग रहा है। वीडियो में वह कहता है— "माफ कर दो, अब कभी ऐसी गलती नहीं करूंगा।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस की तत्परता से मिली कामयाबी
पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में आरोपी को ढूंढ़कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आदिल पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।