नेपाल में टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसला बुद्ध एयर का प्लेन
नेपाल के भद्रपुर एयरपोर्ट पर बुद्ध एयर का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। करीब 200 मीटर दूर जाकर रुके विमान में सवार सभी 51 यात्री और क्रू सुरक्षित रहे।
नेपाल में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया, जब बुद्ध एयर का एक यात्री विमान भद्रपुर एयरपोर्ट पर उतरते समय रनवे से फिसल गया। विमान करीब 200 मीटर तक घिसटते हुए रनवे के किनारे स्थित घास के मैदान में जाकर रुका। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि विमान में मौजूद सभी 51 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि जिस दिशा में विमान फिसला, वहां पास ही एक नदी थी, ऐसे में अगर विमान समय पर नहीं रुकता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
काठमांडू से भद्रपुर तक की उड़ान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुद्ध एयर की फ्लाइट संख्या 901 ने काठमांडू से स्थानीय समयानुसार रात 8:23 बजे उड़ान भरी थी। इस विमान की कमान कैप्टन शैलेश लिंबू के हाथों में थी। करीब 45 मिनट की उड़ान के बाद विमान रात लगभग 9:08 बजे झापा जिले के भद्रपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा। लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे पार करते हुए बाहर निकल गया।
पायलट की समझदारी से बची यात्रियों की जान
जैसे ही विमान रनवे से बाहर गया, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण स्थिति को संभाल लिया गया। झापा के मुख्य जिला अधिकारी शिवराम गेलाल ने पुष्टि की कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई है। सभी को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया।
तकनीकी जांच में जुटी बुद्ध एयर
घटना के बाद बुद्ध एयर ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि विमान की तकनीकी जांच के लिए काठमांडू से विशेषज्ञों की एक टीम भद्रपुर भेजी गई है। बताया गया कि यह विमान उस सेक्टर की आखिरी उड़ान पर था और इसे रात में भद्रपुर एयरपोर्ट पर ही रुकना था। अगली सुबह इसे पहली फ्लाइट के रूप में काठमांडू लौटना था। फिलहाल विमान को रनवे के पास से हटाने और संभावित तकनीकी खराबी की जांच की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन की पुष्टि, सभी यात्री सुरक्षित
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि लैंडिंग के दौरान विमान फिसल गया था और करीब 200 मीटर दूर जाकर घास के मैदान में रुका। इस हादसे में विमान को मामूली नुकसान हुआ है, लेकिन सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। यात्रियों को घटनास्थल से निकालकर आवश्यक सहायता प्रदान की गई।


आँखें न्यूज़ 24 




