दिवंगत मां के अपमान पर फूटा PM मोदी का दर्द, कहा – गाली देना बिहार की संस्कृति का अपमान
बिहार दरभंगा विवाद: कांग्रेस-आरजेडी मंच से पीएम मोदी की दिवंगत मां हीराबेन पर अपशब्द बोले गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान भावुक हुए पीएम मोदी ने कहा, "मेरी मां को गाली देना केवल मेरा नहीं, बिहार की हर मां का अपमान है।" जानें पूरी घटना।
बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और आरजेडी के साझा मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस बयान को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे "बिहार की हर मां-बहन का अपमान" बताया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उठा मुद्दा
पीएम मोदी ने बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ते हुए इस मुद्दे को उठाया। इस दौरान वे भावुक हो गए और बोले कि मां के आशीर्वाद से ही वे देश की सेवा कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मेरी मां ने मुझे अपनी सेवा से अलग कर देश की करोड़ों माताओं और बहनों की सेवा करने की अनुमति दी। उस मां को कांग्रेस-आरजेडी के मंच से गालियां दी गईं।"
"मेरी मां को गाली देना बिहार का अपमान"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी मां का राजनीति से कोई संबंध नहीं था, लेकिन उन्हें भद्दी गालियां दी गईं। उन्होंने कहा, "मेरी मां का सम्मान बिहार की पहचान है। मेरी मां को गाली देना केवल मेरी मां का नहीं, बल्कि बिहार का अपमान है।" उन्होंने कांग्रेस-आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि शाही खानदानों में पले-बढ़े लोग गरीब मां की तपस्या को नहीं समझ सकते।
मां की तपस्या और बेटों की पीड़ा
पीएम मोदी ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि उनकी मां ने गरीबी में रहते हुए भी परिवार की परवरिश की। बारिश में छत न टपके, इसके लिए वह पहले से तैयारी करती थीं। खुद बीमार होने पर भी बच्चों को चैन से सुलाने के लिए मेहनत करती रहीं। मोदी ने कहा कि हर गरीब मां की तरह उनकी मां भी खुद के लिए कुछ नहीं चाहती थीं, बल्कि बच्चों के लिए पाई-पाई जोड़कर जीवन गुजारती थीं।
मातृत्व के अपमान पर जनता की पीड़ा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की संस्कृति में मां का स्थान देवताओं से भी ऊपर है। ऐसे में मां को गाली देना केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं-बहनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस घटना से बिहार की हर मां और बहन को ठेस पहुंची है।
जीविका योजना का शुभारंभ और 105 करोड़ का ट्रांसफर
इस दौरान पीएम मोदी ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड का उद्घाटन भी किया। उन्होंने महिला उद्यमियों के खातों में 105 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। लेकिन कार्यक्रम का मुख्य फोकस कांग्रेस-आरजेडी मंच से उनकी मां पर हुई टिप्पणी पर रहा।


आँखें न्यूज़ 24 




