गणतंत्र दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: आज़ादी के बिना विकास की कल्पना अधूरी
गणतंत्र दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर संदेश दिया। दिल्ली में हाई अलर्ट के बीच कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस परेड की भव्य तैयारी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश साझा करते हुए आज़ादी और विकास के गहरे संबंध पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बिना किसी भी राष्ट्र का वास्तविक विकास संभव नहीं है। पीएम मोदी के मुताबिक गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीवंत पहचान है, जो देश को एक सूत्र में बांधता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व देशवासियों को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस हमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है, जिससे भारत विकास की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ा सके। इस संदेश के साथ पीएम मोदी ने एक प्रेरणादायक श्लोक भी साझा किया।
देशवासियों को पीएम मोदी की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि यह राष्ट्रीय पर्व भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि यह अवसर हर नागरिक के जीवन में नया उत्साह और सकारात्मक सोच लेकर आए तथा विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत हो।
कर्तव्य पथ पर परेड की पूरी तैयारी
77वें गणतंत्र दिवस की परेड से पहले कर्तव्य पथ पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग परेड देखने के लिए पहुंचने लगे हैं। दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कड़े प्रबंध किए गए हैं और बिना जांच किसी को भी दर्शक दीर्घा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
गणतंत्र दिवस परेड को लेकर राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात हैं और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके।
सैन्य शक्ति और संकल्प की झलक
इस बार परेड में सेना के तीनों अंगों की संयुक्त झांकी खास आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। इसमें मई की शुरुआत में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तैनात भारतीय सेना की प्रमुख हथियार प्रणालियों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। यह झांकी भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के प्रति दृढ़ और निर्णायक रवैये को दर्शाएगी।
नौसेना की टुकड़ी में युवा नेतृत्व की झलक
भारतीय नौसेना की टुकड़ी में 144 युवा अधिकारी और जवान शामिल होंगे। इस टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट करन नाग्याल करेंगे, जबकि लेफ्टिनेंट पवन कुमार गांडी, लेफ्टिनेंट प्रीति कुमारी और लेफ्टिनेंट वरुण द्वेरेरिया प्लाटून कमांडर की भूमिका निभाएंगे। यह टुकड़ी नौसेना की अनुशासन, क्षमता और युवा नेतृत्व की ताकत को प्रदर्शित करेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




