हरित ऊर्जा की झलक: गणतंत्र दिवस पर BSPGCL की झांकी को मिला तृतीय पुरस्कार
गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में आयोजित झांकी प्रतियोगिता में BSPGCL की कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी भंडारण परियोजना आधारित झांकी को तृतीय पुरस्कार मिला।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान, पटना में आयोजित राज्यस्तरीय झांकी प्रतियोगिता में बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड की प्रस्तुति को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता ऊर्जा विभाग, बिहार की ओर से आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न विभागों की झांकियों ने राज्य की विकास यात्रा को दर्शाया।
बीएसपीजीसीएल की झांकी का विषय “कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजना” रहा, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। झांकी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बिहार किस तरह सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण प्रणाली के जरिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
झांकी में नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते उपयोग, हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की रणनीति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। सौर ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज सिस्टम की उपयोगिता को दिखाते हुए यह स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा को लेकर कितनी प्रतिबद्ध है।
इस उपलब्धि पर ऊर्जा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे विभागीय तालमेल, तकनीकी नवाचार और बिहार सरकार की दूरदर्शी ऊर्जा नीति का सकारात्मक परिणाम बताया। अधिकारियों का कहना था कि यह सम्मान आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्युत भवन, पटना में भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यहां ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
समारोह में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित ऊर्जा विभाग के सभी वरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे ये प्रयास राज्य के विकास और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव साबित होंगे।


आँखें न्यूज़ 24 




