राबड़ी देवी को छोड़ना होगा 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास! बिहार सरकार ने भेजा खाली करने का नोटिस
बिहार सरकार ने लालू परिवार को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी आवास खाली करने का आदेश जारी किया है। राबड़ी देवी, जो बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष हैं, को नया आवास हार्डिंग रोड स्थित बंगला संख्या 39 आवंटित किया गया है। वर्षों से लालू परिवार का निवास रहा यह मशहूर पता अब बदल जाएगा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
पटना के 10 सर्कुलर रोड पर स्थित राबड़ी आवास, जो लंबे समय से लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार का स्थायी ठिकाना माना जाता रहा है, अब इतिहास बनने वाला है। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने औपचारिक रूप से यह घर खाली करने का आदेश जारी कर दिया है। सालों से राजनीतिक गतिविधियों, रणनीतियों और चर्चाओं का केंद्र रहा यह आवास अब सरकारी जरूरतों के तहत बदला जा रहा है।
सरकारी आदेश जारी, आवास अब दूसरे पदाधिकारी को आवंटित
भवन निर्माण विभाग के अनुसार, मंत्रियों और विधान परिषद से जुड़े पदाधिकारियों के लिए नए सिरे से आवासों का आवंटन किया गया है। इसी प्रक्रिया के तहत 10 सर्कुलर रोड वाले आवास को खाली कराने का निर्देश जारी किया गया है। यह आदेश विभाग के संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी शिव रंजन द्वारा हस्ताक्षरित है।
राबड़ी देवी के लिए नया सरकारी आवास – हार्डिंग रोड स्थित बंगला संख्या 39
राबड़ी देवी, जो इस समय बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें नया केन्द्रीय पूल आवास आवंटित कर दिया गया है। सरकार ने आधिकारिक रूप से हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या 39 को उनके नए आधिकारिक आवास के रूप में कर्णांकित किया है। यह वही आवास है जिसे अब राबड़ी देवी नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उपयोग करेंगी।
2006 से लालू परिवार का पता रहा 10 सर्कुलर रोड, अब बदल जाएगा
10 सर्कुलर रोड लालू परिवार के राजनीतिक सफर का प्रतीक रहा है। 2006 के बाद से लगातार यह आवास राबड़ी देवी को उनके पद के आधार पर आवंटित किया गया था। लेकिन अब सरकार ने इसे “विखंडित” करते हुए आवास बदलने का निर्णय लिया है। इस बदलाव के साथ तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी—दोनों को अपना सरकारी पता बदलना होगा।
सरकारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद के लिए अब हार्डिंग रोड का बंगला ही अधिकृत आवास होगा। पुराने आवंटन (10 सर्कुलर रोड) को तुरंत प्रभाव से समाप्त माना जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




