Sydney Bondi Beach Shooting: सिडनी में हनुक्का की रात दहशत, 11 की मौत; पाकिस्तान कनेक्शन से हड़कंप

Sydney के Bondi Beach पर Hanukkah के पहले दिन हुए आतंकी हमले में 11 लोगों की मौत और 29 घायल। जांच में पाकिस्तान कनेक्शन और IED मिलने से हड़कंप।

Sydney Bondi Beach Shooting: सिडनी में हनुक्का की रात दहशत, 11 की मौत; पाकिस्तान कनेक्शन से हड़कंप

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में बॉन्डी बीच पर हुई भीषण गोलीबारी ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो पुलिस अधिकारी और एक बच्चा भी शामिल है, जिनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। यह हमला उस वक्त हुआ जब हनुक्का के पहले दिन यहूदी समुदाय के लोग वहां जुटे हुए थे।

एक हमलावर ढेर, दूसरा अस्पताल में भर्ती
अधिकारियों के मुताबिक, इस फायरिंग में शामिल दो कथित शूटरों में से एक को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस आतंकी हमले में कोई तीसरा शूटर या सहयोगी भी शामिल था।

आतंकी हमला घोषित, यहूदी समुदाय था टारगेट
ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने इस घटना को आधिकारिक तौर पर आतंकी हमला घोषित किया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि हनुक्का के पहले दिन जानबूझकर यहूदी समुदाय को निशाना बनाया गया। घटना के पीछे धार्मिक नफरत और सुनियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है।

पाकिस्तान कनेक्शन से मचा हड़कंप
जांच के दौरान इस हमले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने से सनसनी फैल गई है। एक सीनियर लॉ एनफोर्समेंट अधिकारी के अनुसार, कथित शूटरों में से एक की पहचान 24 वर्षीय नवीद अकरम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पाकिस्तान के लाहौर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने रविवार शाम को सिडनी के बॉनीरिग इलाके में उसके घर पर छापा भी मारा।

सोशल मीडिया प्रोफाइल से खुले कई राज
सोशल मीडिया पर वायरल रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवीद अकरम सिडनी के अल-मुराद इंस्टीट्यूट में छात्र था। ऑनलाइन सामने आई उसकी लाइसेंस फोटो में वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जर्सी पहने नजर आ रहा है। इन जानकारियों के आधार पर उसकी पृष्ठभूमि और संभावित कट्टरपंथी लिंक की जांच तेज कर दी गई है।

IED मिलने से बढ़ी चिंता
घटना के बाद पुलिस को बॉन्डी के कैंपबेल परेड इलाके में खड़ी एक कार से कई इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस मिलने की जानकारी मिली है। रेस्क्यू बम डिस्पोजल यूनिट को मौके पर बुलाया गया और संदिग्ध गाड़ी को सुरक्षित करने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह गाड़ी मारे गए हमलावर से जुड़ी हो सकती है।

पुलिस कमिश्नर का बयान: अफवाहों से बचें
NSW पुलिस कमिश्नर माल लैन्योन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बदला लेने का समय नहीं है, बल्कि जांच एजेंसियों को अपना काम करने देने का वक्त है। उन्होंने यह भी कहा कि संदिग्धों में से एक पुलिस की नजर में पहले से नहीं था और उसके बारे में खुफिया जानकारी बेहद सीमित थी।

शाम 6:30 बजे शुरू हुआ खूनी खेल
यह आतंकी हमला स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब हनुक्का की पहली रात के मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, मारे गए 11 लोगों के अलावा 29 घायल हुए हैं, जिनमें दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर से क्रिटिकल बताई जा रही है और उनकी सर्जरी चल रही है।