गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी का बड़ा बयान: कांवड़ यात्रा पर नरेश टिकैत के सुर में सुर, योगी सरकार पर भी साधा निशाना

गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कांवड़ यात्रा में डीजे बैन का समर्थन किया, मऊ चुनाव और सीएम योगी को हटाने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया।

गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी का बड़ा बयान: कांवड़ यात्रा पर नरेश टिकैत के सुर में सुर, योगी सरकार पर भी साधा निशाना
afzal ansari

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर कांवड़ यात्रा, मऊ सदर सीट और सीएम योगी को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने कांवड़ यात्रा में डीजे पर रोक के मुद्दे पर भारतीय किसान यूनियन (BKU) के अध्यक्ष नरेश टिकैत का समर्थन किया। इसके साथ ही उन्होंने मऊ उपचुनाव, अब्बास अंसारी की सजा और सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर उठ रही चर्चाओं पर भी खुलकर राय दी।

'हर बात को विवाद न बनाएं, नरेश टिकैत सही कह रहे हैं'
कांवड़ यात्रा में डीजे बैन करने के नरेश टिकैत के सुझाव पर अफजाल अंसारी ने कहा, अगर टिकैत साहब ने कोई बात कही है तो उसे भी सुना जाना चाहिए। हर बात को विवादित बना देना ठीक नहीं है। सावन की कांवड़ यात्रा में लोगों की आस्था है, और सरकार का काम है कि वह इसका प्रबंध करे। इसमें किसी को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राओं का सम्मान होना चाहिए लेकिन इसमें व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है ताकि शांति बनी रहे।

मऊ सदर सीट पर चुनाव: 'फैसले का इंतज़ार करें'
मऊ सदर से बृजेश सिंह के चुनाव लड़ने और अब्बास अंसारी की सजा को लेकर अफजाल अंसारी ने कहा, ऐसे मामलों में अपील का प्रावधान होता है। अब्बास अंसारी ने अपील की है और 5 तारीख को सुनवाई है। हमें उम्मीद है कि अब्बास को ज़मानत भी मिलेगी और सजा भी निलंबित होगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव की लड़ाई का समय आने पर तय होगा कि कौन चुनाव लड़ेगा और कौन नहीं। जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आ जाता, इस पर अटकलें लगाना सही नहीं है।

योगी आदित्यनाथ को हटाने की अटकलें: 'बड़ा खेल चल रहा है'
सीएम योगी आदित्यनाथ को बदलने की चर्चाओं पर अफजाल अंसारी ने कहा कि यह गंभीर मामला है।  उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग में बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है। जिनके हाथ में विभाग की कमान है, उन पर भी गंभीर आरोप हैं। यहां तक कि देश के भगोड़े का पैसा भी उनकी फर्म में लगा हुआ है। सूचना विभाग में हुए इस बदलाव के कारण ही अब खबरें चल रही हैं कि योगी जी को हटाया जाएगा।