अगर मौका मिलता, तो कालीन भैया का भी केस लड़ लेता: पंकज त्रिपाठी

‘क्रिमिनल जस्टिस’ एक लीगल ड्रामा है, जो कोर्ट रूम की कार्यशैली और कानून से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शकों तक पहुंचाता है। पंकज त्रिपाठी ने कहा, लीगल ड्रामा में ह्यूमर की संभावना कम होती है, लेकिन ‘माधव मिश्रा’ का किरदार सिचुएशनल ह्यूमर लाता है, जो शो को गंभीर, भावनात्मक और मनोरंजक बनाता है।

अगर मौका मिलता, तो कालीन भैया का भी केस लड़ लेता: पंकज त्रिपाठी
Pankaj Tripathi

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित लोकप्रिय अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपने सुपरहिट वेब शो ‘क्रिमिनल जस्टिस: ए फैमिली मैटर’ के चौथे सीजन के प्रमोशन की शुरुआत बिहार की राजधानी पटना से की। पटना के मैत्री हॉल, होटल ताज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने शो और अपने किरदार से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं।

पंकज त्रिपाठी ने बताया, इस शो में मेरा किरदार ‘माधव मिश्रा’ पटना से है। इसलिए मेरे लिए इस प्रमोशन की शुरुआत पटना से करना भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण था। पटना मेरी कर्मभूमि रही है, जहां मैंने थिएटर की शुरुआत की और अभिनय के प्रति अपनी रुचि विकसित की। पंकज त्रिपाठी ने उम्मीद जताई कि ‘क्रिमिनल जस्टिस’ का चौथा सीजन भी दर्शकों को उतना ही पसंद आएगा, जितना इसके पिछले सीजन।

लीगल ड्रामा में सिचुएशनल ह्यूमर की नई परिभाषा
‘क्रिमिनल जस्टिस’ एक लीगल ड्रामा है, जो कोर्ट रूम की कार्यशैली और कानून से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शकों तक पहुंचाता है। पंकज त्रिपाठी ने कहा, लीगल ड्रामा में ह्यूमर की संभावना कम होती है, लेकिन ‘माधव मिश्रा’ का किरदार सिचुएशनल ह्यूमर लाता है, जो शो को गंभीर, भावनात्मक और मनोरंजक बनाता है।

पटना और बिहार की झलक से होगा दर्शकों का जुड़ाव
पंकज त्रिपाठी ने साझा किया कि शो के चौथे सीजन में पटना और बिहार के स्थानीय स्लैंग, बोलियों और माहौल को शामिल किया गया है, जिससे दर्शकों को गहरा जुड़ाव महसूस होगा। उन्होंने शो के भारतीय रूपांतरण की सफलता का श्रेय दर्शकों के प्यार को दिया।

मनोज वाजपेयी से मिली प्रेरणा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि सिनेमा में आने की प्रेरणा उन्हें मनोज वाजपेयी की फिल्मों से मिली। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, अगर मौका मिलता, तो मैं कालीन भैया का भी केस लड़ लेता।