जौनपुर में ट्रिपल मर्डर, पिता और दो बेटों की हत्या; वर्कशॉप में खून से सनी लाशें मिलीं
जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र में पिता और दो बेटों की वर्कशॉप में हत्या कर दी गई। शव के पास खून से सना हथौड़ा और गायब सीसीटीवी डीवीआर पुलिस को मिले। मामले की जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहम्मदपुर कांध निवासी लालजी (50) और उनके दो बेटे यादवीर (32) और गुड्डू (25) की रविवार रात वर्कशॉप में निर्मम हत्या कर दी गई।
रात में वर्कशॉप में रुके थे पिता और बेटे:
लालजी का कचगांव अंडरपास के पास चूड़ी पेरने का वर्कशॉप है। रविवार की रात वे अपने बेटों के साथ वर्कशॉप में रुक गए थे। घरवालों को लगा कि वे काम के चलते रात वहीं गुजार रहे होंगे।
सुबह रिश्तेदार ने देखी लाशें:
सोमवार सुबह लालजी का एक रिश्तेदार नाश्ता लेकर वर्कशॉप पहुंचा। उसने कमरे में खून से सने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। तीनों के सिर पर रॉड और सरिये से वार के निशान थे।
पुलिस की जांच और परिवार का आक्रोश
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इससे परिजन भड़क गए और चक्काजाम कर दिया।
गायब था सीसीटीवी डीवीआर:
पुलिस जांच में वर्कशॉप से सीसीटीवी डीवीआर गायब पाया गया। एसपी के अनुसार, डीवीआर को अलमारी का ताला तोड़कर निकाला गया, जिससे आशंका है कि हत्या किसी परिचित ने की होगी।
हत्या का हथियार मिला
घटनास्थल से पुलिस को एक हथौड़ा बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल संभवतः हत्या में हुआ।
परिवार से पूछताछ जारी
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल की गहनता से जांच कराई और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की हैं। परिवार और परिचितों से पूछताछ हो रही है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
हत्या का मकसद स्पष्ट नहीं है, लेकिन डीवीआर गायब होना इसे योजनाबद्ध हत्या की ओर इशारा करता है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




