बिहार को 7200 करोड़ की सौगात: मोतिहारी में बोले PM मोदी- 'महिलाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत'

PM मोदी ने मोतिहारी से बिहारवासियों को दी 7200 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात। पूर्वी भारत की भूमिका, महिलाओं की ताकत और पिछली सरकारों पर निशाना। जानें पूरी खबर।

बिहार को 7200 करोड़ की सौगात: मोतिहारी में बोले PM मोदी- 'महिलाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत'
PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में ऐतिहासिक गांधी मैदान से एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में दुनिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है और इस दौर में पूर्वी देशों की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।

PM मोदी ने कहा, एक समय था जब वैश्विक ताकत केवल पश्चिमी देशों के पास थी, लेकिन अब पूरब के देशों ने भी विकास की रफ्तार पकड़ ली है। भारत भी इस दौड़ में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।

बिहार को बताया परिश्रम की धरती
PM मोदी ने बिहार की मेहनतकश जनता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, बिहार की धरती परिश्रम और संघर्ष की प्रतीक है। यहां के लोगों ने अपने दम पर कई मिथक तोड़े हैं। सभा की शुरुआत प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में अभिवादन करते हुए की और बिहारवासियों को 7200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात पर बधाई दी।

NDA के काम से बदले हालात, पिछली सरकारों पर हमला
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की पीढ़ी को जानना चाहिए कि दो दशक पहले बिहार कैसी हताशा में डूबा हुआ था। RJD और कांग्रेस की सरकारों पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि "उनके राज में गरीबों का पैसा गरीब तक पहुंचना नामुमकिन था। लोग अपने घरों में मरम्मत कराने से डरते थे कि कहीं मकान मालिक को ही उठा न लिया जाए।"
उन्होंने बताया कि NDA सरकार ने हालात बदले और बिहार को विकास की मुख्यधारा में लाकर खड़ा कर दिया।

60 लाख गरीबों को मिले पक्के घर
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 11 साल में PM आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से ज्यादा गरीबों के घर बने, जिनमें करीब 60 लाख घर अकेले बिहार में बने हैं। मोतिहारी जिले में ही करीब 3 लाख गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं।

बिहार की महिलाओं को बताया ताकत
PM मोदी ने बिहार की महिलाओं की भूमिका का विशेष तौर पर उल्लेख करते हुए कहा कि "बिहार की माताएं और बहनें NDA के हर कदम का महत्व समझती हैं। विकास की इस यात्रा में हमारी सबसे बड़ी ताकत यही महिलाएं हैं।"

7200 करोड़ की विकास परियोजनाएं शुरू
- PM मोदी ने आज 7200 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
- इनमें सड़क, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, सूचना प्रौद्योगिकी और रेलवे की योजनाएं शामिल हैं।
- बिहार को आज चार नई अमृत भारत ट्रेनें भी मिलीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से बिहार में बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिलेगी, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।