छत्तीसगढ़ में ED का एक्शन: पूर्व CM भूपेश बघेल का बेटा गिरफ्तार, शराब घोटाले में रेड से मचा सियासी भूचाल

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में भिलाई से गिरफ्तार किया। जानिए पूरी कहानी और बघेल का तीखा बयान।

छत्तीसगढ़ में ED का एक्शन: पूर्व CM भूपेश बघेल का बेटा गिरफ्तार, शराब घोटाले में रेड से मचा सियासी भूचाल
Chaitanya baghel

छत्तीसगढ़ की सियासत में शुक्रवार को बड़ा धमाका हुआ जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को शराब घोटाले (Liquor Scam) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस (Money Laundering under PMLA) में गिरफ्तार कर लिया। भिलाई स्थित उनके घर पर सुबह-सुबह रेड डालकर ईडी ने कई अहम दस्तावेज जब्त किए और घंटों पूछताछ के बाद चैतन्य को हिरासत में लिया।

ईडी की इस कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अंतिम दिन कांग्रेस बनाम केंद्र सरकार की लड़ाई को और तेज कर दिया। भूपेश बघेल ने इसे 'अडानी के लिए विपक्ष को डराने की कोशिश' करार दिया।

भिलाई में रेड और गिरफ्तारी की पूरी कहानी
शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम रायपुर और भिलाई में कई ठिकानों पर एक साथ पहुंची। भिलाई स्थित पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के आवास पर ईडी अफसरों ने दबिश दी और करीब तीन घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान कथित शराब घोटाले से जुड़ी फाइलें और डिजिटल रिकॉर्ड कब्जे में लिए गए।

ईडी सूत्रों के मुताबिक चैतन्य बघेल से पूछताछ के दौरान कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी था। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

भूपेश बघेल का सरकार पर हमला: 'ED भेजकर डराने की कोशिश'
तलाशी और गिरफ्तारी के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ED आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में साहेब ने ED भेज दी है।

पत्रकारों से बात करते हुए बघेल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह विपक्षी नेताओं को डराने और अडानी को खुश करने के लिए ईडी जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं।

हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। ये सत्य की लड़ाई है। ईडी पहले भी मेरे घर आई है, आज भी आई है। हम कानून का पालन करेंगे और लोकतंत्र पर भरोसा रखते हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग जांच क्या है?
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच ईडी कई महीनों से कर रही है। इसी मामले में ईडी ने नए सबूतों के आधार पर चैतन्य बघेल के खिलाफ कार्रवाई की है।