दो वोटर आईडी विवाद पर बोले बिहार के डिप्टी CM विजय सिन्हा – 'सिर्फ एक जगह से वोट किया, आरोप बेबुनियाद'

बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा पर दो वोटर आईडी रखने का आरोप विपक्ष ने लगाया। सिन्हा ने पेश किए दस्तावेज़ और कहा – सिर्फ लखीसराय से वोट किया, आरोप बेबुनियाद। जानिए पूरा मामला।

दो वोटर आईडी विवाद पर बोले बिहार के डिप्टी CM विजय सिन्हा – 'सिर्फ एक जगह से वोट किया, आरोप बेबुनियाद'
Vijay Kumar Sinha

बिहार की सियासत इन दिनों एक नए विवाद को लेकर गर्म है। विपक्ष ने राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर दो वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद से ही राजनीतिक हलकों में बयानबाज़ी तेज हो गई है। पक्ष और विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर जमकर हमलावर हैं।

विजय सिन्हा का जवाब – 'आरोप पूरी तरह बेबुनियाद'
मीडिया से बात करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने इन आरोपों को पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि एक जगह से नाम हटाने का फॉर्म उन्होंने पहले ही भर दिया था। पहले पटना में मेरे पूरे परिवार का नाम मतदाता सूची में था। अप्रैल 2024 में मैंने अपना नाम लखीसराय विधानसभा में जोड़ने के लिए आवेदन किया। साथ ही पटना से नाम विलोपित करने का फॉर्म भी भरा था। इसका प्रमाण मेरे पास मौजूद है।

नाम नहीं हटने पर दिया BLO को आवेदन
डिप्टी सीएम ने बताया कि किसी तकनीकी कारण से उनका नाम पटना से नहीं हट पाया। इस पर उन्होंने BLO (Booth Level Officer) को बुलाकर लिखित आवेदन दिया और उसकी रिसीविंग भी ली। उनके पास दोनों दस्तावेज़ मौजूद हैं। उन्होंने कहा– मेरा विलोपित का फॉर्म रिजेक्ट हो गया, लेकिन मैं सिर्फ एक ही जगह से वोटिंग करता हूं। पिछली बार भी मैंने केवल लखीसराय से वोट दिया था और इस बार भी प्रारूप वहीं से भरा है।

विपक्ष पर पलटवार
विजय सिन्हा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि हम लोग इस तरह का खेल नहीं खेलते और न ही किसी संवैधानिक संस्था को कलंकित करने का काम करते हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि आरोप लगाने से पहले पूरे तथ्य की जानकारी हासिल करनी चाहिए।

5 अगस्त को भरा नया फॉर्म
उपमुख्यमंत्री ने साफ किया कि 5 अगस्त को उन्होंने दोबारा नाम विलोपित करने का फार्म भर दिया है और अगले चुनाव में केवल लखीसराय से ही वोट करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने केवल लखीसराय से ही वोट डाला था।