Elvish Yadav Firing Case: गुरुग्राम में फायरिंग करने वाला शूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस ने दी बड़ी जानकारी
Bigg Boss OTT 2 के विनर और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एनकाउंटर में शूटर इशांत गांधी घायल होकर गिरफ्तार हुआ। CCTV में कैद वारदात की जिम्मेदारी भाऊ गिरोह ने ली थी।
मशहूर यूट्यूबर और Bigg Boss OTT 2 के विनर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना में शामिल शूटर इशांत गांधी उर्फ इशू गांधी को पुलिस ने फरीदाबाद में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान इशांत के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस पर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले इशांत ने पुलिस पर ऑटोमेटिक पिस्टल से आधा दर्जन से ज्यादा फायर किए। हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बाकी दो शूटरों के बारे में भी जानकारी दी है।
गुरुग्राम में गोलियों की गूंज
यह घटना रविवार सुबह गुरुग्राम सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के आवास के बाहर हुई थी। दो बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने घर के बाहर दो दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाईं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि एक हमलावर मुख्य गेट के पास झुककर लगातार फायरिंग करता रहा और फिर दोनों वहां से फरार हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात ‘भाऊ गिरोह’ ने ली थी।
परिवार बाल-बाल बचा
पुलिस जांच में पता चला कि हमलावरों ने घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर गोलियां चलाईं। वहीं एल्विश यादव का परिवार घर के दूसरे और तीसरे फ्लोर पर मौजूद था, जिससे बड़ी घटना टल गई। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घर व आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
पहले भी रहे विवादों में
यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव सुर्खियों में आए हों। बीते साल उनके खिलाफ सांप के जहर की अवैध सप्लाई और रेव पार्टियों में इसके इस्तेमाल का मामला सामने आया था। उन्हें इस केस में गिरफ्तार भी किया गया था, जिससे सोशल मीडिया पर भारी बवाल मच गया था। आरोप था कि एल्विश निजी पार्टियों में प्रतिबंधित और जहरीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। हालांकि एल्विश ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था। यह मामला अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है।


आँखें न्यूज़ 24 




