पटना में वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया कहर, महिला कांस्टेबल की मौत

पटना के अटल पथ पर वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। महिला कांस्टेबल कोमल कुमारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं।

पटना में वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया कहर, महिला कांस्टेबल की मौत
patna vehicle checking accident

 बिहार की राजधानी पटना में बुधवार रात वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया, जिसमें महिला कांस्टेबल कोमल कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, एक दरोगा और एएसआई गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना का विवरण
यह हादसा पटना के एस के पुरी थाना क्षेत्र में अटल पथ पर हुआ। रात करीब 12 बजे वाहन चेकिंग के दौरान एक अनियंत्रित कार ने तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी।
वाहन चेकिंग अभियान एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर रात 10:30 से 12:30 तक चलाया जा रहा था। 

चेकिंग के दौरान एक चार पहिया वाहन ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ा दी। इस हादसे में महिला कांस्टेबल कोमल कुमारी की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए एक दरोगा और एएसआई का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपी की तलाश
घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। हालांकि, कार में सवार दो अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। वाहन चेकिंग के दौरान मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। हादसे की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है।

पुलिस की कार्रवाई
एसएसपी और अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।