VIP ने PM मोदी की बिहार यात्रा को बताया चुनावी यात्रा, पूछा सवाल- निषाद आरक्षण पर चुप्पी क्यों?
विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा को चुनावी कदम बताते हुए निषाद आरक्षण, विशेष राज्य का दर्जा और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए।
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा को महज चुनावी कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस दौरे से बिहार का कोई ठोस लाभ नहीं होने वाला है। बिक्रमगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों पर बात की, लेकिन निषाद आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी।
देव ज्योति ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आखिर निषाद आरक्षण कब लागू होगा। उन्होंने कहा, बिहार लंबे समय से विशेष राज्य के दर्जे और स्पेशल पैकेज की मांग कर रहा है, लेकिन पीएम ने इस पर भी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। यह जनता के साथ छलावा है।
डबल इंजन सरकार पर निशाना
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने जदयू और भाजपा के गठबंधन वाली राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते 20 वर्षों में बिहार में कोई नया कारखाना नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा, "जो रेल कारखाना बिहार में है, वह यूपीए सरकार की देन है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि डबल इंजन की सरकार बिहार में उद्योग कब लाएगी?"
पटना विश्वविद्यालय के केंद्रीय दर्जे का मुद्दा
देव ज्योति ने यह भी याद दिलाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सार्वजनिक मंच से पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग की थी, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है।
पीएम की यात्रा मात्र इवेंट मैनेजमेंट देव ज्योति
विकासशील इंसान पार्टी के प्रवक्ता ने पीएम के इस दौरे को "इवेंट मैनेजमेंट" बताते हुए कहा कि इसमें बिहार के विकास को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे वादों और कार्यक्रमों को समझ चुकी है।


आँखें न्यूज़ 24 




