मन की बात: आपदा से लेकर जम्मू-कश्मीर में खेल महोत्सव तक, जानें क्या कहा PM मोदी ने?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ 125वें एपिसोड में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा, जम्मू-कश्मीर में पहला Day-Night क्रिकेट मैच और Khelo India Water Sports Festival के बारे में जनता को जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने मौसमी प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए की और बाढ़, भू-स्खलन और घरों, खेतों, पुलों व सड़कें बह जाने जैसी घटनाओं पर दुख व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने कहा, कहीं घर उजड़ गए, परिवारों के परिवार उजड़ गए, खेत डूब गए। यह हर हिन्दुस्तानी के लिए दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजन खोए, उनका दर्द हम सबका दर्द है।
उन्होंने NDRF, SDRF, सेना और स्थानीय प्रशासन की मेहनत और साहस की सराहना की और हर नागरिक का धन्यवाद किया, जिन्होंने आपदा में मानवता को सर्वोपरि रखा।
जम्मू-कश्मीर में नई उपलब्धियां: खेल और उत्सव की चमक
बाढ़ और बारिश की चुनौतियों के बीच, जम्मू-कश्मीर ने दो विशेष उपलब्धियां हासिल की, जिनपर पीएम मोदी ने प्रकाश डाला:
पुलवामा का पहला Day-Night क्रिकेट मैच
पुलवामा में आयोजित इस मैच में हजारों लोग मौजूद रहे। यह Royal Premier League का हिस्सा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर की विभिन्न टीमें हिस्सा ले रही थीं। पीएम मोदी ने इसे देश के बदलते नजरिए और युवा ऊर्जा का प्रतीक बताया।
Khelo India Water Sports Festival, श्रीनगर डल झील
डल झील पर आयोजित यह देश का पहला Water Sports Festival था। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में जल क्रीड़ा को लोकप्रिय बनाना था। इस उत्सव में 800 से अधिक एथलीट्स ने पूरे भारत से भाग लिया।
पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां देश के हर क्षेत्र में बदलाव और युवाओं में नई ऊर्जा का परिचायक हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




