अनिरुद्धाचार्य पर भड़कीं सपा सांसद प्रिया सरोज: क्या अपने प्रवचन में यही सिखाते हैं?

सपा सांसद प्रिया सरोज ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के हिंदू-मुस्लिम बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा- क्या यही अपने प्रवचन में सिखाते हैं?

अनिरुद्धाचार्य पर भड़कीं सपा सांसद प्रिया सरोज: क्या अपने प्रवचन में यही सिखाते हैं?

उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य (Aniruddhacharya) के बीच हुई पुरानी कहासुनी अब सोशल मीडिया पर फिर से सुर्खियों में है।

दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव और अनिरुद्धाचार्य का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ, जिसमें हाईवे पर दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक होती दिखाई देती है। वीडियो में अखिलेश यादव कथावाचक से भगवान कृष्ण (Lord Krishna) का पहला पुकार नाम पूछते हैं। इस पर अनिरुद्धाचार्य कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाते। साथ ही अखिलेश यादव उन्हें ‘शूद्र’ शब्द के प्रयोग पर भी टोकते हैं।

इस विवाद के बाद अब अनिरुद्धाचार्य ने एक नया बयान दिया और इसे मुसलमानों से जोड़कर कहा— यूपी के एक पूर्व मुख्यमंत्री मुझसे कहते हैं कि तुम्हारा रास्ता अलग और मेरा अलग… क्योंकि मैंने उनके सवाल का सच-सच जवाब दिया। लेकिन वही नेता मुसलमानों से कहते हैं कि तुम्हारा रास्ता ही हमारा रास्ता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब ‘राजाओं’ (सियासी नेताओं) के भीतर इतना द्वेष है तो वो देश और जनता का कल्याण कैसे करेंगे।

सपा सांसद प्रिया सरोज का करारा जवाब
समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज (Priya Saroj) ने अनिरुद्धाचार्य के इस बयान पर तल्ख प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा— जब एक बाबा कृष्ण जी का नाम बताने में असफल हो जाता है, तो अपनी छवि सुधारने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जी (Akhilesh Yadav) का नाम हिंदू-मुस्लिम जोड़कर देश-प्रदेश का माहौल खराब करता है। क्या आप यही सब अपने प्रवचन में सिखाते हैं?

फिलहाल इस मामले पर अखिलेश यादव की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन उनकी पार्टी की युवा सांसद ने मोर्चा संभाल लिया है।

कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर (Machhlishahr) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उन्होंने इस बार का चुनाव जीतकर संसद में एंट्री की और पार्टी के युवा चेहरों में एक मानी जाती हैं।