ब्रिटेन में पढ़ेंगे यूपी के होनहार छात्र! योगी सरकार लाई अटल बिहारी वाजपेयी चिवनिंग स्कॉलरशिप योजना

उत्तर प्रदेश सरकार की नई योजना के तहत अब होनहार और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को हर साल मास्टर्स के लिए ब्रिटेन भेजा जाएगा। जानें पूरी डिटेल।

ब्रिटेन में पढ़ेंगे यूपी के होनहार छात्र! योगी सरकार लाई अटल बिहारी वाजपेयी चिवनिंग स्कॉलरशिप योजना
UP CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतिभावान लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को एक शानदार अवसर प्रदान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार, 7 अगस्त 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में एक ऐतिहासिक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत राज्य सरकार हर साल 5 ऐसे छात्रों को मास्टर्स की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन भेजेगी, जिनके पास टैलेंट है लेकिन संसाधनों की कमी उन्हें रोकती है।

अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर स्कॉलरशिप
इस योजना का नाम है – भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी चिवनिंग उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना (Bharat Ratna Atal Bihari Vajpayee Chevening UP State Government Scholarship Scheme)।

इस योजना को शुरू करने के पीछे भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की असाधारण उपलब्धियों और उनके शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण से प्रेरणा ली गई है।

ब्रिटेन सरकार से हुआ समझौता
इस योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने ब्रिटेन की सरकार और एफसीडीओ (Foreign, Commonwealth and Development Office) के साथ एक करार किया है। योजना का संचालन ब्रिटिश काउंसिल की प्रसिद्ध इकाई चिवनिंग स्कॉलरशिप (Chevening Scholarship) के माध्यम से होगा।

किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
- योजना में हर साल 5 छात्रों का चयन किया जाएगा
- चयन उन्हीं छात्रों का होगा जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं लेकिन उनकी शैक्षणिक योग्यता उत्कृष्ट है
- ये छात्र ब्रिटेन के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों में मास्टर्स की डिग्री के लिए भेजे जाएंगे
- योजना फिलहाल वर्ष 2027 तक प्रभावी रहेगी

योग्यता और चयन प्रक्रिया क्या होगी?
राज्य सरकार बहुत जल्द इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और चयन प्रणाली की विस्तृत जानकारी जारी करेगी। संभावना है कि आवेदन ऑनलाइन माध्यम से लिए जाएंगे और चयन मेरिट, इंटरव्यू और विदेशी विश्वविद्यालयों के प्रवेश मापदंडों के आधार पर किया जाएगा।

क्यों है ये योजना महत्वपूर्ण?
- ये योजना ग्रामीण क्षेत्रों और पिछड़े तबकों के होनहार युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है
- इससे यूपी के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय exposure मिलेगा
- छात्रों को सरकारी खर्च पर उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त होगी
- यह योजना युवाओं के आत्मविश्वास, रोजगार और भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी

सरकार ने क्या कहा?
प्रवक्ता के अनुसार – यह योजना भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित है और इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उन छात्रों को वैश्विक शिक्षा मंच प्रदान करना है, जिनके पास योग्यता है लेकिन आर्थिक संसाधन नहीं।