अमेरिका-ब्राजील ट्रेड वॉर: ट्रंप के टैरिफ वार पर लूला का ‘नो सम्राट’ तंज

डोनाल्ड ट्रंप ने फिर टैरिफ वॉर शुरू कर दी। ब्राजील पर 50% शुल्क क्यों लगाया? जानें Lula-Trump विवाद और दुनिया पर असर।

अमेरिका-ब्राजील ट्रेड वॉर: ट्रंप के टैरिफ वार पर लूला का ‘नो सम्राट’ तंज
Luiz Inácio Lula da Silva and Donald Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ जंग का बिगुल बजा दिया है। उन्होंने श्रीलंका, इराक, अल्जीरिया, लीबिया, ब्रुनेई, मोल्दोवा, फिलीपींस और खासतौर पर ब्राजील पर भारी-भरकम इम्पोर्ट टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। सबसे बड़ा झटका ब्राजील को लगा है, जिस पर ट्रंप ने 50% शुल्क लगा दिया — जो अब तक की सबसे ज्यादा दरों में गिना जा रहा है।

इस कदम से दुनिया भर के व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि यह फैसला ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से ट्रंप की बढ़ती नाराजगी का नतीजा है।

ब्राजील पर ट्रंप की नाराजगी की वजह क्या है?
दरअसल, कुछ हफ्ते पहले रियो डी जनेरियो में हुए ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने एक तीखा बयान दिया था।
लूला ने ट्रंप के बारे में कहा, दुनिया बदल चुकी है। हमें कोई सम्राट नहीं चाहिए।

लूला का यह बयान ट्रंप के उस अल्टीमेटम के जवाब में था, जिसमें ट्रंप ने ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी थी।

यही बयान शायद ट्रंप को नागवार गुज़रा और उन्होंने सीधे ब्राजील पर 50% टैरिफ लगा दिया।

कौन-कौन से देश और कितने टैरिफ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका, इराक, अल्जीरिया, लीबिया पर — 30%, ब्रुनेई, मोल्दोवा पर — 25%, फिलीपींस पर — 20%, और ब्राजील पर — 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया गया है।

यह फैसला आते ही ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें लूला, उनके उपराष्ट्रपति और वित्त मंत्री ने मिलकर इस नए संकट से निपटने की रणनीति पर चर्चा की।

ब्राजील का जवाब
बैठक के बाद सोशल मीडिया पर लूला ने लिखा — संप्रभुता, सम्मान और ब्राज़ीलियाई लोगों के हितों की अटूट रक्षा, वे मूल्य हैं जो दुनिया के साथ हमारे संबंधों का मार्गदर्शन करते हैं। अमेरिका द्वारा लगाया गया यह आरोप कि व्यापार अमेरिका के लिए अनुचित है, पूरी तरह झूठा है। लूला ने यह भी कहा कि अमेरिका के मुकाबले ब्राजील का व्यापार अधिशेष बहुत कम है।