हापुड़ में मुठभेड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर नवीन कुमार ढेर; बड़े अपराध की साजिश नाकाम
यूपी के हापुड़ में यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर नवीन कुमार को मार गिराया। नवीन पर हत्या, किडनैपिंग, मकोका समेत 20 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर नवीन कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के प्रीत विहार इलाके में हुई।
पुलिस को नवीन कुमार के हापुड़ में होने की गुप्त सूचना मिली थी। पीछा करने पर, नवीन ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
अपराधों का लंबा इतिहास
मृतक नवीन कुमार पर लगभग 20 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के 4, किडनैपिंग के 2, मकोका और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले शामिल थे। नवीन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम गैंग का सक्रिय सदस्य था।
बरामदगी
मुठभेड़ के दौरान नवीन कुमार के पास से एक .32 बोर का हाईटेक हथियार और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने उसके दूसरे साथी की तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग और नवीन की भूमिका
नवीन कुमार दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई अपराधों में शामिल था। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम गैंग के साथ मिलकर अपराधों को अंजाम देता था।


आँखें न्यूज़ 24 




