मराठी बनाम हिंदी विवाद पर निरहुआ का वार: 'Dirty Politics और नफरत बंद होनी चाहिए'
महाराष्ट्र में हिंदी बनाम मराठी विवाद पर निरहुआ का बयान: Dirty Politics बंद होनी चाहिए। मराठी-भोजपुरी दोनों ही प्यारी भाषाएं हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
भोजपुरी सुपरस्टार और आजमगढ़ से भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषा को लेकर चल रहे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे "Dirty Politics" बताते हुए कहा कि भाषा के नाम पर लोगों में नफरत फैलाना गलत है।
निरहुआ ने कहा, लोगों में नफरत पैदा करना किसी भी नाम पर ठीक नहीं है। ये गंदी राजनीति है। ऐसी राजनीति का हश्र सबने पहले भी देखा है, जब एक सीट तक नहीं मिली।
गोरखपुर के एक सिनेमा हॉल में अपनी नई भोजपुरी फिल्म ‘हमार नाम है कन्हैया’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने यह बात कही। उनके साथ पूरी फिल्म की टीम मौजूद थी।
'मराठी और भोजपुरी दोनों ही प्यारी भाषाएं हैं'
निरहुआ ने कहा कि मराठी और भोजपुरी दोनों ही अपनी-अपनी जगह खूबसूरत भाषाएं हैं। मराठी बोलने वाले भी जानते हैं कि भोजपुरी प्यारी भाषा है और भोजपुरी वाले भी जानते हैं कि मराठी प्यारी है। कोई 2-4 भाषाएं बोल सकता है तो यह उसकी काबिलियत है। जबरदस्ती किसी पर दबाव डालना गलत है।
'अपनी पहचान पर गर्व करें'
कांवड़ यात्रा पर बोलते हुए निरहुआ ने कहा कि हर इंसान को अपनी पहचान पर गर्व होना चाहिए। मैं यूपी में पैदा हुआ, भोजपुरी बोलता हूं, यादव घर में जन्मा हूं, ये मेरी पहचान है और मुझे इस पर गर्व है। पहचान छुपाने की जरूरत नहीं। अपनी पहचान बतानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में भोजपुरी भाषा को लोग प्यार दे रहे हैं और आशीर्वाद दे रहे हैं। उनका दायित्व है कि ऐसी फिल्में बनाएं जिन्हें लोग परिवार के साथ देख सकें।
"हमार नाम है कन्हैया पूरी तरह पारिवारिक फिल्म है। आज जब हर मोबाइल में सिनेमा है, तो अच्छा कंटेंट देना जरूरी है," उन्होंने कहा।
अखिलेश और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
इटावा में यादव-ब्राह्मण विवाद पर उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा, उन्हें बांटने वाली राजनीति नहीं करनी चाहिए। भारत की खूबसूरती इसकी अनेकता में एकता है।
गोरखपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता जानती है कि कितनी तेजी से विकास हुआ है। जब विकास होता है, तो चीजें प्रगति पर दिखती हैं। गोरखपुर में तेजी से काम हो रहा है," उन्होंने कहा।


आँखें न्यूज़ 24 




