बाबरी विध्वंस के 33 साल: यूपी हाई अलर्ट मोड में, राम मंदिर से कृष्ण जन्मभूमि तक कड़ी सुरक्षा; चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर

6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर अयोध्या, मथुरा, वाराणसी समेत पूरे यूपी में हाई अलर्ट। राम मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा बढ़ाई गई, ड्रोन से निगरानी और होटलों की सघन जांच।

बाबरी विध्वंस के 33 साल: यूपी हाई अलर्ट मोड में, राम मंदिर से कृष्ण जन्मभूमि तक कड़ी सुरक्षा; चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर

उत्तर प्रदेश में 6 दिसंबर को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी के मद्देनजर भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा समेत वाराणसी, लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, कानपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। राज्य सरकार और खुफिया एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

एजेंसियां पूरी तरह चौकन्ना
अयोध्या में 4 दिसंबर से ही सुरक्षा घेरे को और मजबूत कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विवादित स्थल पर बने भव्य राम मंदिर का निर्माण अब पूरा हो चुका है और हाल ही में धर्म ध्वजा की स्थापना के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक के मूड में नहीं हैं। अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर ने साफ कहा है कि जिले के सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है और आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

शौर्य दिवस–काला दिवस को लेकर प्रशासन पूरी सतर्कता में
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद 6 दिसंबर को लेकर अवध क्षेत्र से लेकर प्रतापगढ़ तक पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। कुछ संगठन इस दिन को ‘शौर्य दिवस’ तो कुछ इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। आईपीएस प्रशांत राज समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं और अधीनस्थों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की अफवाह या गतिविधि को हल्के में न लिया जाए।

ड्रोन निगरानी से लेकर होटल जांच तक, बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
अयोध्या और मथुरा में होटल, ढाबे, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की लगातार जांच की जा रही है। शहर के सभी प्रवेश द्वारों पर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। राम मंदिर मार्ग पर पैदल गश्त बढ़ा दी गई है और कृष्ण जन्मभूमि–शाही ईदगाह परिसर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पूरे प्रदेश में रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार और जिला सीमाओं पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। हाल ही में दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार विस्फोट की घटना के बाद सतर्कता और सख्त कर दी गई है।