बिहार में पीएम मोदी का चुनावी बिगुल: कहा – 'फिर एक बार एनडीए सरकार, सुशासन की वापसी तय'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को प्रचंड जनादेश देगा। पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और जंगलराज फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार अब सुशासन और विकास की राह से नहीं भटकेगा। कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि वंचितों और पिछड़ों के कल्याण के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है।

बिहार में पीएम मोदी का चुनावी बिगुल: कहा – 'फिर एक बार एनडीए सरकार, सुशासन की वापसी तय'
PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में चुनावी माहौल को नई दिशा दे दी। उन्होंने कहा कि पूरा बिहार इस बार एक ही आवाज में कह रहा है – “फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार।” पीएम ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है और बिहार की जनता इस बार एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगी।

महागठबंधन पर सीधा वार
मोदी ने महागठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के नेताओं को सिर्फ अपने परिवार की राजनीति की चिंता है। उन्होंने कहा, “जो लोग भ्रष्टाचार और घोटालों में जमानत पर हैं, वही अब जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि तक चुराने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार की जनता जननायक का यह अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”

उन्होंने याद दिलाया कि आरजेडी के शासनकाल में हत्या, अपहरण और फिरौती एक उद्योग की तरह फल-फूल रहे थे। “वो दौर बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर गया। लेकिन अब बिहार जंगलराज से नहीं, सुशासन और विकास से जाना जाएगा।”

कर्पूरी ठाकुर को नमन करते हुए बोले पीएम – 'उनका आशीर्वाद ही मेरी ताकत है'
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा से पहले कर्पूरी ग्राम पहुंचकर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गरीब और पिछड़े वर्ग से आने वाले लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा ठाकुर साहब से ही मिली है। जननायक कर्पूरी ठाकुर मां भारती के अनमोल रत्न थे। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना हमारी सरकार के लिए गर्व की बात है। उनके आदर्शों पर चलकर ही हम वंचितों को वरीयता और गरीबों को प्राथमिकता देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

गरीबों और पिछड़ों के हितों पर बोले PM मोदी – 'हमने अवसर और सम्मान दोनों दिए'
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों और अतिपिछड़ों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया और अनुसूचित जाति-जनजाति के आरक्षण को 10 वर्षों के लिए और बढ़ाया। हमारा लक्ष्य सिर्फ शासन नहीं, सुशासन है। हम जननायक की प्रेरणा से समृद्ध बिहार का निर्माण कर रहे हैं।

छठ पर्व और जीएसटी बचत उत्सव का भी किया जिक्र
PM मोदी ने कहा कि बिहारवासी इस समय जीएसटी बचत उत्सव मना रहे हैं और साथ ही छठी मईया के महापर्व की तैयारी में भी व्यस्त हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे व्यस्त समय में भी समस्तीपुर में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना यह दर्शाता है कि मिथिला का मूड तय कर चुका है – नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार।”