सूरत में PM मोदी का भव्य स्वागत: नीतीश के अपमान से लेकर बिहार की ऐतिहासिक जीत तक विपक्ष पर करारा प्रहार

एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पीएम मोदी ने सूरत में बिहारी समुदाय को संबोधित किया। नीतीश कुमार के अपमान, जातिवाद, विपक्ष और विकास पर बड़ा हमला बोला।

सूरत में PM मोदी का भव्य स्वागत: नीतीश के अपमान से लेकर बिहार की ऐतिहासिक जीत तक विपक्ष पर करारा प्रहार
पीएम मोदी ने सूरत में बिहारी समुदाय को संबोधित किया।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के सूरत पहुंचे तो वहां मौजूद बिहारी समुदाय ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि बिहार ने इस बार जातिवाद और नकारात्मक राजनीति को सिरे से खारिज किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत उस घटना से की, जिसने बिहार की राजनीति में बड़ा असर छोड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में बिहार विधानसभा में ऐसी भाषा और व्यवहार देखने को मिला, जिसने लोकतांत्रिक परंपराओं को शर्मसार किया। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिस तरह अपमान किया गया और जिस तरह भद्दी भाषा बोली गई, वह बिहार की जनता कभी स्वीकार नहीं कर सकती।

इस दौरान उनका निशाना विशेष रूप से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ओर था। पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने इसी अपमान और कटुता का जवाब वोटों से दिया है।

'बिहार ने विकास को चुना, नफरत को नहीं'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस चुनाव में जीत और हार के वोटों में सिर्फ 10 प्रतिशत का फर्क था, लेकिन यह अंतर बिहार की सोच को पूरी तरह साफ कर देता है। जनता ने साफ-साफ विकास को चुनने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि बिहार में हर जगह विकास की भूख दिखाई देती है। कोरोना संकट के दौरान घर लौटते प्रवासी मजदूरों की बातें याद करते हुए उन्होंने कहा कि कई बिहारी युवाओं ने उस कठिन समय में भी नए काम की शुरुआत की। यही बिहार की असली ताकत है — संघर्ष करने और आगे बढ़ने की क्षमता।

'नेशन फर्स्ट हमारी प्राथमिकता'
पीएम मोदी ने कहा कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब भी उनका मंत्र वही था — नेशन फर्स्ट। उन्होंने कहा कि बिहार हो या गुजरात, हर राज्य के सामर्थ्य का सम्मान करना ही भाजपा की मूल विचारधारा है।

उन्होंने सूरत में रहने वाले बिहारी समुदाय से कहा कि वे भी इस चुनाव पर बारीकी से नजर रख रहे थे। बिहार की जनता राजनीति को समझती है और देश को दिशा देने की क्षमता रखती है।

जातिवाद की राजनीति पर कड़ा प्रहार
महागठबंधन के नेताओं पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो सालों से ‘जमानत पर घूमने वाले नेता’ जातिवाद का जहर घोलने में लगे थे। लेकिन बिहार की जनता ने इसे सिरे से नकार दिया।

उन्होंने बताया कि दलित बहुल इलाकों में भी एनडीए को जबरदस्त समर्थन मिला, जो साबित करता है कि समाज अब बांटने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा।

'MMC को जनता ने नकार दिया'
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, लेफ्ट और अन्य सहयोगियों के गठबंधन को जनता ने पूरी तरह अस्वीकार कर दिया। अब ये नेता हार का ठीकरा कभी ईवीएम पर फोड़ते हैं, कभी चुनाव आयोग पर। लेकिन कार्यकर्ता भी जानते हैं कि जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है।

विपक्ष की बहानेबाज़ी का जवाब
पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की सोच विकास आधारित है। वे उन लोगों के साथ नहीं जा सकते जिनकी राजनीति सिर्फ जाति, नफरत और परिवारवाद पर टिकी हो।
उन्होंने इसे भारतीय राजनीति का बड़ा परिवर्तन बताया और कहा कि यह नतीजे आने वाले समय में देश की दिशा तय करेंगे।