जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद बिहार से उठी नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाने की मांग, सियासी सरगर्मी बढ़ी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद बिहार BJP विधायक ने नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाने की मांग की। जानें इसका चुनावी कनेक्शन।
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद देश की राजनीति में हलचल मच गई है। सोमवार रात उन्होंने अपना इस्तीफा सार्वजनिक करते हुए स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। इसके बाद से ही नए उपराष्ट्रपति को लेकर कई नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। इस बीच बिहार में भी यह मुद्दा गरमाने लगा है।
बिहार के बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाए जाने की मांग रखी है। विधानसभा सत्र से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर नीतीश जी को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है तो बिहार के लिए यह गर्व की बात होगी।
BJP विधायक की मांग के पीछे चुनावी समीकरण?
बीजेपी विधायक की इस मांग को लेकर राजनीतिक विश्लेषक कई मायने निकाल रहे हैं। दरअसल, बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। एनडीए पहले ही यह साफ कर चुकी है कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
हालांकि अब उपराष्ट्रपति पद के लिए नीतीश के नाम की मांग ने बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। सीएम नीतीश खुद इस पर अभी तक चुप हैं।
पहले भी उठ चुकी हैं मांगें: डिप्टी पीएम बनाने की आवाज
यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार के लिए बड़े राष्ट्रीय पद की मांग उठी हो। कुछ महीने पहले ही भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने उन्हें देश का डिप्टी प्राइम मिनिस्टर बनाए जाने की मांग की थी। तब भी इस बयान को लेकर खूब चर्चाएं हुई थीं।
अब उपराष्ट्रपति पद के लिए नाम सामने आने से सियासी कयासों को और हवा मिल गई है।
बिहार चुनाव के साथ जुड़ रही चर्चा
धनखड़ के इस्तीफे और नए उपराष्ट्रपति के नाम को लेकर हो रही चर्चाओं में बिहार का नाम इसलिए भी सामने आ रहा है क्योंकि राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा की ओर से इस तरह की मांग के कई सियासी मायने हो सकते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




