बिहार के ऊर्जा सेक्टर में विदेशी निवेश की राह, एडीबी के साथ हाई लेवल बैठक

बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और विकास की संभावनाओं को लेकर ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह की एडीबी प्रतिनिधिमंडल के साथ अहम बैठक। नवीकरणीय ऊर्जा और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर सहमति।

बिहार के ऊर्जा सेक्टर में विदेशी निवेश की राह, एडीबी के साथ हाई लेवल बैठक

बिहार में ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में एडीबी की दक्षिण एशिया निदेशक सुजाता गुप्ता और प्रधान ऊर्जा विशेषज्ञ जेम्स कोलंथराज शामिल रहे।

बैठक के दौरान बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में संभावित निवेश, बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत करने और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को आधुनिक और टिकाऊ बनाने के लिए चल रही योजनाओं और आगे की रणनीति से एडीबी प्रतिनिधियों को अवगत कराया।

बिजली उत्पादन और वितरण व्यवस्था पर साझा मंथन
इस बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित ऊर्जा विभाग के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राज्य में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने और वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर अपने विचार रखे।

सतत विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर सहमति
बैठक में यह सहमति बनी कि बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में सतत विकास और दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए एडीबी के साथ सहयोग को और मजबूत किया जाएगा। आने वाले समय में नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन नेटवर्क और वितरण सुधार से जुड़े प्रोजेक्ट्स में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।